आइओसी के वरिष्ठ सदस्य को टोक्यो ओलंपिक होने का यकीन नहीं
पाउंड ने टोक्यो खेलों के भविष्य के बारे में कहा मैं पूरे यकीन से नहीं कह सकता क्योंकि वायरस अब भी फैल रहा है। जापान में आपात स्थिति का आदेश फरवरी के पहले सप्ताह तक रहेगा। टोक्यो में गुरुवार को कोरोना वायरस के 2447 नए मामले सामने आए।
टोक्यो, एपी। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आइओसी) के एक वरिष्ठ सदस्य ने कहा है कि जापान और अन्य देशों में कोविड-19 महामारी के बढ़ने के कारण उन्हें यकीन नहीं है कि छह महीने बाद टोक्यो ओलंपिक खेलों का आयोजन हो पाएगा। जापान के प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा ने गुरुवार को टोक्यो और आसपास के क्षेत्रों में आपात स्थिति की घोषणा की, जिसके बाद कनाडा के आइओसी सदस्य रिचर्ड पाउंड ने यह टिप्प्णी की।
पाउंड ने टोक्यो खेलों के भविष्य के बारे में कहा, 'मैं पूरे यकीन से नहीं कह सकता, क्योंकि वायरस अब भी फैल रहा है।' जापान में आपात स्थिति का आदेश फरवरी के पहले सप्ताह तक रहेगा। टोक्यो में गुरुवार को कोरोना वायरस के 2447 नए मामले सामने आए, जो पहले दिन की तुलना में दोगुना है।
टोक्यो के लिए यह महत्वपूर्ण समय है। आयोजक कह रहे हैं ओलंपिक खेलों का आयोजन होगा, लेकिन वह अपनी ठोस योजना का रहस्योद्घाटन नहीं कर रहे हैं। पाउंड ने इसके साथ कहा कि वैक्सीनेशन में खिलाडि़यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, क्योंकि वे रोल मॉडल हैं। यह आइओसी अध्यक्ष थॉमस बॉक के बयान से उलट लगता है। बॉक ने नवंबर में कहा था कि खिलाडि़यों को टीके की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें प्राथमिकता में नहीं रखा जाना चाहिए।
वहीं दूसरी तरफ वेस्टइंडीज के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल चाहते हैं कि क्रिकेट का ताजा और छोटा प्रारूप टी-10 ओलंपिक खेलों के कार्यक्रम में शामिल किया जाए। अबूधाबी टी-10 लीग के आगामी सत्र में टीम अबूधाबी का प्रतिनिधित्व कर रहे गेल को लगता है कि टी-10 ऐसा प्रारूप है जो दुनिया की बड़ी खेल प्रतियोगिताओं में क्रिकेट के प्रवेश को आगे बढ़ा सकता है।
जमैका में अपने घर से गेल ने कहा कि वह टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए उत्सुक हैं। टी-10 के भविष्य की संभावनाओं के बारे में गेल ने कहा, 'मैं टी-10 क्रिकेट को ओलंपिक में देखना पसंद करूंगा। यह सामान्य दृष्टिकोण से खेल के लिए काफी बड़ी चीज होगी। मुझे यह भी लगता है कि टी-10 अमेरिका में भी हो सकता है। मुझे लगता है कि क्रिकेट के लिए ज्यादातर लोग अमेरिका को नहीं पहचानते, लेकिन टी-10 अमेरिका के अंदर कराने के लिए बिलकुल उपयुक्त है और मेरा मानना है कि यह बड़ा राजस्व हासिल करने में भी मदद कर सकता है।'