निशानेबाज अर्जुन सिंह चीमा को दिल्ली एयरपोर्ट पर रोका, आपत्ति दर्ज कराएगा IOA
चीमा राष्ट्रीय 61वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए तिरुअनंतपुरम जा रहे थे।
नई दिल्ली, पीटीआइ। भारतीय निशानेबाज अर्जुन सिंह चीमा को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रोका गया। चीमा को रोकने का कारण उनके साथ चैंपियनशिप के लिए हथियार का होना था। चीमा ने हाल ही में जापान के वाको शहर में हुई एशियाई एयरगन चैंपियनशिप के टीम स्पर्धा में स्वर्ण जीता था।
चीमा राष्ट्रीय 61वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए तिरुअनंतपुरम जा रहे थे, जहां पिस्टल स्पर्धा में उनका मुकाबला रविवार को होना है। करीब एक घंटे तक रोके जाने के बाद अधिकारियों ने उन्हें जाने की अनुमति दी।
आपत्ति दर्ज कराएगा आइओए : भारतीय ओलंपिक संघ (आइओए) ने कहा कि उसे फिलहाल 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी को शामिल न किए जाने संबंधी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। उसने कहा कि अगर ऐसा होता है तो वह आयोजकों से इस फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए कहेगा।
खबरें आ रही थीं कि बर्मिंघम में होने वाले 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के कार्यक्रम में निशानेबाजी को शामिल नहीं किया जाएगा, हालांकि कुछ मीडिया समूहों का कहना है कि अभी तक ऐसा कोई फैसला नहीं लिया गया है।