स्केटिंग: जूनियर लड़कियों की रिले टीम ने जीता कांस्य पदक
भारत की जूनियर लड़कियों की टीम ने 18वीं एशियन रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप के 3000 मीटर रिले रेस में कांस्य पदक जीता।
नई दिल्ली, जेएनएन। जूनियर लड़कियों की टीम में शामिल दिल्ली की प्रकृति सक्सेना, कर्नाटक की रिया और हरियाणा की भावना ने टीम स्पर्धा में उत्तर कोरिया के नामवन शहर में हुई 18वीं एशियन रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप के 3000 मीटर रिले रेस में कांस्य पदक जीता।
तीनों लड़कियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया जिससे वे कांस्य हासिल करने में सफल हुईं। वहीं, अन्य नतीजों में महाराष्ट्र के विक्रम ने 500 मीटर ट्रैक रेस में कांस्य पदक जीता। इसके अलावा आरती, वर्षा और रचिता की सीनियर लड़कियों की टीम ने 3000 मीटर रिले रेस में कांस्य हासिल किया।
जबकि विक्रम, सिद्धांत और धानुष की सीनियर लड़कों की टीम 3000 मीटर रिले रेस में कांसा अपने नाम करने में सफल हुई। टीम के कोच रवि खाती ने बताया कि खिलाड़ियों ने इस टूर्नामेंट के लिए कड़ी मेहनत की थी। उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया और उम्मीद है कि आगामी टूर्नामेंटों में वे शानदार करेंगे।