विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप: दो गोल्ड मेडल के साथ भारत का शानदार आगाज
भारतीय निशानेबाजों ने 52वीं आइएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप के जूनियर वर्ग में दो स्वर्ण पदकों के साथ अपना अभियान शुरू किया।
चांगवन (दक्षिण कोरिया), प्रेट्र। भारतीय निशानेबाजों ने 52वीं आइएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप के जूनियर वर्ग में दो स्वर्ण पदकों के साथ अपना अभियान शुरू किया, लेकिन सीनियर टीमों का प्रतिनिधित्व करने वाले निशानेबाज अपनी-अपनी स्पर्धाओं के फाइनल में पहुंचने में नाकाम रहे। इस टूर्नामेंट का महत्व इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि यहां से 2020 में टोक्यो में होने वाले ओलंपिक गेम्स के लिए 60 कोटा स्थान हासिल किए जा सकते हैं।
अर्जुन सिंह चीमा ने व्यक्तिगत जूनियर पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण जीता। उनके प्रदर्शन से भारत को टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक भी मिला। स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम में अर्जुन के अलावा गौरव राणा और अनमोल जैन शामिल थे। गौरव ने व्यक्तिगत स्पर्धा का कांस्य पदक जीता। अर्जुन ने 559 के स्कोर के साथ कोरियाई वूजोंग किम को पछाड़ा। किम ने 554 का स्कोर किया और रजत पदक विजेता बने। गौरव ने 551 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
अर्जुन, गौरव और अनमोल की भारतीय टीम ने कुल 1659 अंक के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कोरिया ने 1640 अंक के साथ रजत और चीन ने इस स्पर्धा का कांस्य पदक हासिल किया।
सीनियर खिलाडि़यों में अपूर्वी चंदेला और रवि कुमार की मिक्स्ड जोड़ी 10 मीटर एयर राइफल क्वालीफिकेशन में 835.6 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रही। शीर्ष पांच पर रहने वाली जोडि़यों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। अपूर्वी और रवि की जोड़ी 0.4 अंक से क्वालीफाई करने से चूक गई। इस स्पर्धा में दीपक कुमार और मेहुली घोष की दूसरी भारतीय जोड़ी 25वें स्थान पर रही।
शहजर रिजवी और हिना सिद्धू की भारतीय जोड़ी 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में 768 अंक के साथ क्वालीफिकेशन में 10वें स्थान पर रही। इस स्पर्धा में अभिषेक वर्मा और मनु भाकर की जोड़ी भी अपना प्रभाव जोड़ने में नाकाम रही और 767 अंक के साथ 12वें स्थान पर रही।