नेशनल चैंपियनशिप के तीसरे दिन हरियाणा की मुक्केबाजों का दबदबा
तीसरी नेशनल जूनियर वूमेन बॉक्सिंग चैंपियनशिप के तीसरे दिन भी हरियाणा की मुक्केबाजों का दबदबा बना रहा।
जागरण संवाददाता, रोहतक। राजीव गांधी स्टेडियम स्थित नेशनल बॉक्सिंग अकादमी (एमबीए) में चल रही तीसरी नेशनल जूनियर वूमेन बॉक्सिंग चैंपियनशिप के तीसरे दिन भी हरियाणा की मुक्केबाजों का दबदबा बना रहा। अलग अलग भार वर्गाें में हरियाणा की पांच खिलाडि़यों ने जीत दर्ज की। एनबीए के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सतीश कुमार सरहदी ने बताया कि 57 किलो वर्ग में हरियाणा की कीर्ति ने छत्तीसगढ़ की जिज्ञासा को पराजित कर दिया जबकि 60 किलो वर्ग में हरियाणा की प्रीति दहिया ने मिजोरम की लालरेमसंगी को हराया और क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
वहीं, 63 किलो भार वर्ग में हरियाणा की खुशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पश्चिम बंगाल की मोनालिसा दास को परास्त किया। 66 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की लशू यादव ने उम्दा प्रदर्शन के बल पर चंडीगढ़ की रचिता को हराया जबकि 80 किलो भार वर्ग में हरियाणा की कोमल ने अरुणाचल प्रदेश की मंगला मनासा को पराजित किया। हरियाणा की खिलाडि़यों से चौथे दिन भी ऐसे की उम्दा प्रदर्शन की उम्मीद है। उधर, चैंपियनशिप के तीसरे दिन पंजाब की खिलाडि़यों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया है।
नीलम ने नरुता को दी शिकस्त
54-57 किलो भार वर्ग में उत्तर प्रदेश की नीलम सिंह चौहान ने महाराष्ट्र की नरुता शाह को हराया। मध्य प्रदेश की स्वास्तिका धामी ने उत्तराखंड की प्रीति रावत को पराजित किया। इसके अलावा इसी भार वर्ग में राजस्थान की ईशा गुर्जर ने चंडीगढ़ की वंदना को हरा दिया। वहीं, पंजाब की गगनदीप कौर ने कर्नाटक की शिवानी परनेश को परास्त किया।
आश्रेया ने दिशा को पराजित किया
60-63 किलो भार वर्ग में गोवा की आश्रेया ने महाराष्ट्र की दिशा पाटिल को पराजित किया। झारखंड की स्नेहा कुमारी गुप्ता ने सिक्किम की यंगछेनालमा को हराया। चंडीगढ़ की हरनूर कौर ने हिमाचल प्रदेश की मुस्कान को पराजित किया। मिजोरम की रूडी ने मध्य प्रदेश की अंजलि को हराया।
शेरवरी ने मुस्कान को हराया
66-70 किलो भार वर्ग में महाराष्ट्र की शेरवारी कल्यांकर ने दिल्ली की मुस्कान को हराया। राजस्थान की मंजू चौधरी ने तमिलनाडू की अंजलि को परास्त किया। पंजाब की अंजलि ने उत्तर प्रदेश की रूपल को हराया।