2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत को टक्कर देने उतरा एक और देश, कर चुका है फीफा वर्ल्ड कप का आयोजन
दक्षिण अफ्रीका ने 2036 या 2040 ग्रीष्मकालीन ओलंपिक और पैरालिंपिक खेलों की मेजबानी के लिए डरबन को अपना पसंदीदा शहर ...और पढ़ें

दक्षिण अफ्रीका पेश करेगा दावा
HighLights
डरबन 2036 ओलंपिक मेजबानी के लिए दक्षिण अफ्रीका की पसंद
मोसेस मभिदा स्टेडियम मुख्य केंद्र, 56,000 दर्शक क्षमता
भारत सहित सात देश 2036 ओलंपिक की दौड़ में
एपी, जोहानिसबर्ग: दक्षिण अफ्रीका ने अफ्रीका में पहली बार ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए डरबन को अपना पसंदीदा शहर चुना है। दक्षिण अफ्रीका 2036 या 2040 के ग्रीष्मकालीन ओलंपिक और पैरालिंपिक खेलों की मेजबानी के लिए बोली लगा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) 2036 ओलंपिक के मेजबान शहर का चयन 2029 के मध्य में करेगी। दक्षिण अफ्रीकी ओलंपिक समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष ल्वांडिले सिमेलाने ने गुरुवार को डरबन को देश की ओर से मुख्य दावेदार शहर बनाए जाने की घोषणा की।
कई शहर हो सकते हैं शामिल
उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका की बोली में कई शहर शामिल हो सकते हैं और कुछ प्रतियोगिताएं अन्य शहरों में भी आयोजित की जा सकती हैं। दक्षिण अफ्रीका के आर्थिक केंद्र जोहानिसबर्ग और केपटाउन पर भी संभावित मेजबान शहरों के रूप में विचार किया गया था। हिंद महासागर के उपोष्णकटिबंधीय तट पर स्थित डरबन की आबादी करीब 40 लाख है।
2010 में दक्षिण अफ्रीका में फीफा फुटबॉल विश्व कप के आयोजन के बाद एक दशक से भी पहले डरबन को ओलंपिक की मेजबानी के संभावित केंद्र के रूप में देखा गया था। हालांकि, आयोजन पर होने वाले भारी खर्च की चिंताओं के कारण उस समय आधिकारिक बोली पेश नहीं की गई थी। डरबन से 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी भी छीन ली गई थी, क्योंकि शहर इस आयोजन के लिए जरूरी वित्तीय और अन्य गारंटी देने में नाकाम रहा था।
अनुमान देना संभव नहीं
अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि यदि दक्षिण अफ्रीका को ओलिंपिक की मेजबानी मिलती है तो आयोजन पर होने वाले खर्च का अनुमान फिलहाल देना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि डरबन की बोली का मुख्य केंद्र 56,000 दर्शकों की क्षमता वाला मोसेस मभिदा स्टेडियम होगा, जिसे 2010 फीफा विश्व कप के लिए बनाया गया था।
भारत भी है रेस में
दक्षिण अफ्रीका उन सात देशों में शामिल है जो 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं। अन्य देशों में भारत, कतर, दक्षिण कोरिया, जर्मनी, हंगरी और तुर्किए शामिल हैं। आईओसी ने राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों के लिए 2036 खेलों की मेजबानी में रुचि औपचारिक रूप से जाहिर करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर तय की है। संभावित दावेदार अगले महीने आईओसी के सामने वर्चुअल प्रस्तुति दे सकेंगे, जिसके साथ आधिकारिक बोली प्रक्रिया शुरू होगी। आइओसी के अनुसार, मार्च में संभावित मेजबान देशों की सूची छोटी करने पर फैसला लिया जाएगा।
