PWL 2019: दिल्ली सुल्तांस ने मुंबई महारथी को 5-2 से हराया
दिल्ली सुल्तांस ने इस मैच में मुंबई महारथी को 5-2 के अंतर से हरा दिया।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के चौथे सत्र के दौरान गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के इंडोर स्टेडियम में दिल्ली सुल्तांस व मुंबई महारथी के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। दिल्ली सुल्तांस ने इस मैच में मुंबई महारथी को 5-2 के अंतर से हरा दिया। इससे मुंबई के सेमीफाइनल में पहुंचने पर सवालिया निशान लग गया।
दिल्ली ने शुरुआती चारों मुकाबले में जीत हासिल की व मुंबई महारथी की कमर तोड़ दी। कप्तान खेतिक के अलावा अनास्तासिया शुस्तोवा, पंकज मिश्रा व साक्षी मलिक ने अपने मुकाबले जीत कर दिल्ली का दबदबा बढ़ाया। अंतिम मुकाबले को जीत कर आंद्रे क्वित्कोवस्की ने दिल्ली की जीत का अंतर बढ़ा दिया। इससे पहले खेले गए 74 किग्रा के पहले मुकाबले में दिल्ली के कप्तान खेतिक ने मुंबई के सचिन राठी के खिलाफ 9-2 से जीत हासिल की।
दिल्ली की यूरोपियन अंडर-23 चैंपियन अनास्तासिया शुस्तोवा ने लीग में बड़ा उलटफेर करते हुए मुंबई की यूरोपियन चैंपियनशिप में रजत विजेता जेनेथ नेमेथ को 10-5 के अंतर से हरा दिया। महिला वर्ग के 76 किग्रा में 0-5 के अंतर से पिछड़ रही अनास्तासिया ने अंतिम 30 सेंकेंड में दाव खेल कर यूक्रेन की पहलवान को 2-0 से हरा दिया। इसके बाद दिल्ली के पंकज मिश्रा ने 2-5 से पिछड़ने के बाद यूरोपियन अंडर-23 चैंपियन इब्रागिम इलियासोव को 11-8 के अंतर से हरा दिया। इससे दिल्ली को 3-0 से बढ़त मिल गई। महिला वर्ग के 62 किग्रा मुकाबले में मैट पर उतरी रियो ओलंपिक में कांस्य विजेता साक्षी मलिक ने मुंबई की शिल्पी यादव को 16-2 से रौंद दिया।
दीपक पूनिया 86 किग्रा में दिल्ली के प्रवीण राणा को 18-2 के अंतर से हरा कर मुंबई का खाता खोलने में कामयाब रहे। मुंबई की कप्तान विनेश फोगाट ने दिल्ली के पिंक के हाथों हार के मैदान से खुद को बाहर खींच लाई। विनेश ने यह रोमांचक मुकाबला 14-9 के अंतर से जीत लिया। यूक्रेन के आंद्रे क्वित्कोवस्की ने 65 किग्रा में दिल्ली के तरफ से मुंबई के हरफूल को 4-2 के अंतर से हरा कर टीम दिल्ली दबंग को 5-2 के अंतर से जीत दिला दी। अब दिल्ली व मुंबई दोनों टीमों की नजर पंजाब रॉयल्स व यूपी दंगल के मैच पर टिकी है।