Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    PKL-11: आखिरी रेड के रोमांच में दबंग दिल्ली और गुजरात जाएंट्स ने खेला सीजन का छठा टाई

    Updated: Wed, 20 Nov 2024 10:23 PM (IST)

    दिल्ली ने सीजन का दूसरा टाई खेला जबकि गुजरात के हिस्से पहला आया। दिल्ली के खाते में अब 12 मैचों से पांच जीत पांच हार और दो टाई हैं। गुजरात के खाते में 11 मैचों में 8 हार दो जीत और एक टाई है। गुजरात ने प्रतीक दहिया (20) की बदौलत अच्छा खेल दिखाया। आशू मलिक (11) के एक और सुपर-10 और नवीन कुमार (9) ने दमदार खेल दिखाया।

    Hero Image
    प्रो कबड्डी लीग सीजन 11 का छठा मैच रहा टाई। फोटो- स्टार स्पोर्ट्स

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दबंग दिल्ली केसी और गुजरात जाएंट्स ने बुधवार को प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन के 65वें मैच में अंतिम रेड के रोमांच के बाद 39-39 स्कोर के साथ मुकाबला समाप्त किया। यह इस सीजन का छठा टाई मैच रहा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बहरहाल, चोट से उबरकर लौटे नवीन ने पहली ही रेड पर अंक लिया। उनकी वापसी का जश्न मना रही दिल्ली ने जल्द ही गुजरात को सुपर टैकल सिचुएशन में डाला और फिर फिर ऑलआउट करते हुए 10-2 की लीड ले ली। आलइन के बाद संदीप ने गुमान का शिकार किया और फिर आशू ने बोनस के साथ करियर के 600 रेड प्वाइंट पूरे किए।

    दिल्ली को किया पहली बार ऑलआउट

    इस बीच प्रतीक ने सुपर रेड के साथ गुजरात को वापसी की राह दिखाई। फिर हिमांशु ने आशू को लपक खाता खोला। 10 मिनट के बाद दिल्ली 12-7 से आगे थे, लेकिन उनके लिए सुपर टैकल आन था। नवीन और फिर विनय ने ब्रेक के बाद दो मौकों पर ऑलआउट टाला, लेकिन प्रतीक ने दो रेड में चार अंक निकालकर दिल्ली को पहली बार ऑलआउट कर स्कोर 14-16 कर दिया।

    गुजरात को किया ऑलआउट

    जीतेंद्र ने आशू को लपक परतीक को रिवाइव करा लिया। फिर मोहित ने नवीन को लपक दिल्ली को बड़ा झटका दिया। प्रतीक डू ओर डाई रेड पर लपके गए। इस तरह दिल्ली ने 20-17 की लीड के साथ पाला बदला। हाफटाइम के बाद दिल्ली ने सात मिनट में फिर से गुजरात को ऑलआउट कर 28-21 की लीड ले ली। आलइन के बाद प्रतीक ने आशीष और गौरव को बाहर कर इस सीजन का पहला सुपर-10 पूरा किया और फिर नबी ने नवीन को लपक फासला पांच का कर दिया।

    नवीन ने बढ़त को किया कम

    अब दिल्ली के लिए सुपर टैकल आन था। प्रतीक ने संदीप को आउट कर 30 मिनट की समाप्ति तक स्कोर 26-29 कर दिया। ब्रेक के बाद गुजरात ने दिल्ली को दूसरी बार ऑलआउट कर स्कोर 31-31 कर दिया और फिर गुजरात ने लगातार दो अंक के सात 33-31 की लीड ले ली। फिर प्रतीक ने संदीप और गौरव का शिकार कर फासला 5 का किया। नवीन ने इसे दो का कर दिया।

    अब ढाई मिनट का खेल बचा हुआ था। चार के डिफेंस में परतीक रेड ने मल्टी प्वाइंट रेड के साथ गुजरात को 37-33 से आगे कर दिया, लेकिन नवीन ने मल्टी प्वाइंट के साथ इसका जवाब देकर फासला फिर दो का कर दिया। नवीन ने इसके बाद फासला 1 का कर दिया। फिर आशीष ने प्रतीक को सुपर टैकल कर दिल्ली को 38-37 की लीड दिला दी।

    सीजन का छठा टाई

    चार के डिफेंस में हिमांशु ने एक अंक लेकर स्कोर बराबर कर दिया। फिर मैच की अंतिम रेड पर आशू गए, लेकिन लपक लिए गए। साथ ही एक डिफेंडर भी आउट ऑफ बाउंड हुआ। इस तरह सीजन-11 ने छठा टाई मुकाबला देखा।

    यह भी पढे़ं- PKL 11: पवन सहरावत के बिना उतरी तेलुगू टाइटंस, हरियाणा स्टीलर्स को चटा दी धूल

    यह भी पढे़ं- पीकेएल-11: रोमांचक मुकाबले में यू मुंबा ने बेंगलुरु बुल्स को दी पटखनी, अजीत चव्हाण रहे जीत के हीरो