पद्म भूषण के लिए कोच यशवीर ने की सुशील कुमार के नाम की सिफारिश
सुशील ने 2010 तथा 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में भी गोल्ड मेडल जीतकर देश का सिर गर्व से ऊंचा किया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2012 के लंदन ओलंपिक में रजत पदक और साल 2008 के बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार के नाम की सिफारिश पद्म भूषण अवॉर्ड के लिए की गई है। भारतीय पहलवान सुशील कुमार के कोच यशवीर सिंह ने अपने शिष्य को पद्म भूषण सम्मान देने के लिए आवेदन किया है। सुशील कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कोच यशवीर ने उन्हें यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड दिए जाने को लेकर आवेदन किया है।
बता दें कि 2008 ओलंपिक में 66 किग्रा फ्रीस्टाइल में कजाखिस्तान के लियोनिड स्प्रिडोनोव को हरा कांस्य पदक जीत कर उन्होंने 56 साल बाद 1952 के इतिहास को एक बार फिर से दोहराया था। सुशील ने 2010 तथा 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीतकर देश का सिर गर्व से ऊंचा किया था।
Coach Yashveer has applied for Padma Bhushan award for me: Wrestler Sushil Kumar to ANI pic.twitter.com/esyQFKGnVC— ANI (@ANI) September 26, 2017
पहलवान सुशील कुमार को साल 2011 में पद्म श्री सम्मान से नवाजा गया था। सुशील एकमात्र भारतीय हैं जिनके नाम दो ओलंपिक पदक हैं। इसी साल शटलर पीवी सिंधू के नाम की भी पद्म भूषण के लिए अपील की गई है। उनके लिए इस सम्मान की सिफारिश खेल मंत्रालय ने की है।