Badminton Asia Championships: आयुष शेट्टी ने किया उलटफेर, फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचते हुए मेडल किया पक्का
आयुष शेट्टी ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के पुरुष एकल फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने मौजूदा चैंपियन और विश्व नंबर-1 कुनलावुट विटिड्सम को हराकर बड़ा उलटफेर किया।

आयुष शेट्टी फाइनल में पहुंचे

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आयुष शेट्टी ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के मेंस सिंग्लस के फाइनल में जगह बना ली है। 22 साल के इस खिलाड़ी ने मौजूदा विजेता और वर्ल्ड नंबर-1 कुनलावुट विटिड्सम को मात देकर खिताबी मुकाबले में कदम रखा है। भारतीय खिलाड़ी ने शनिवार को थाईलैंड के खिलाड़ी को 10-21, 21-19, 21-17 से मात दी।
इस जीत के साथ शेट्टी ने इतिहास रच दिया है। वह 1965 के बाद इस टूर्नामेंट में मेंस सिंगल्स में पहुंचने वाले पहले भारतीय बने हैं। उन्हें इस मैच में दिग्गज खिलाड़ी को अच्छी टक्कर दी और इतिहास रचा। मैच आयुष के लिए किसी भी तरह से आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने दमदार खेल दिखाते हुए पदक पक्का कर लिया।
पहले गेम में हार के बाद वापसी
आयुष को पहले गेम में हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इसके बाद उन्होंने वापसी की और जीत हासिल की। 2023 वर्ल्ड जूनियर ब्रॉन्ज मेडलिस्ट शेट्टी ने शुरुआती गलतियों से सीख लेते हुए अगले दो गेमों में थाईलैंड के खिलाड़ी को ज्यादा मौके नहीं दिए और ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट को मात दी।
दूसरे गेम में आयुष ने 12-4 की बढ़त ले ली थी। थाईलैंड के खिलाड़ी ने वापसी की कोशिश की और अंकों के अंतर को कम करते हुए दो कर दिया। यहां आयुष 13-11 से आगे थे। यहां से फिर आयुष ने बिना किसी गलती किए गेम अपने नाम किया।
तीसरे गेम में किया कमाल
दूसरा गेम जीत आयुष ने मुकाबला 1-1 की बराबरी पर ला दिया था। अब तीसरा गेम निर्णायक हो गया था। आयुष ने यहां दूसरे गेम से मिला आत्मविश्वास जारी रखा और थाईलैंड के खिलाड़ी को मौकै नहीं दिए। उन्होंने कुल 1 घंटे 15 मिनट में मैच अपने नाम करते हुए फाइनल में जगह बनाई जहां उनका सामना चाऊ टिन चेन या शी यू क्यू के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मैच के विजेता से होगा।
