एशियन पैरा गेम्स: तीरंदाज हरविंदर सिंह ने जीता गोल्ड, इतनी हुई भारत के पदकों की संख्या
गोला फेंक में यासिर ने 14.22 मीटर के प्रयास से कांस्य पदक जीता।
नई दिल्ली, जेएनएन। एशियाइ पैरा खेलों में भारतीय एथलीट्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को तीरंदाज हरविंदर सिंह ने पुरुष व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। इसके साथ ही उन्होंने ट्रैक एवं फील्ड खिलाड़ी एक रजत और एक कांस्य पदक भी हासिल किया।
हरविंदर ने डब्ल्यू 2/ एसटी वर्ग के फाइनल में चीन के झाओ लिश्यु को 6-0 से हराकर खिताब अपने नाम करते हुए भारत के गोल्ड मेडल्स की संख्या को सात तक पहुंचाया।
दरअसल डब्ल्यू 2 वर्ग में ऐसे खिलाड़ियों को शामिल किया जाता है जो पक्षाघात या घुटने की नीचे दोनों पैर कट जाने के कारण खड़ा भी नहीं हो पाते हैं। उन्हें सहारे के लिए व्हीलचेयर की जरुरत होती है। इसके अलावा एसटी वर्ग में एथलीट को सीमित हिस्से में दिव्यांगता होती है और वह व्हीलचेयर के बिना भी निशाना लगा सकते हैं।
इसके अलावा मोनू घंगास ने पुरुष चक्का फेंक एफ 11 वर्ग में रजत पदक हासिल किया। मोनू के अलावा मोहम्मद यासिर ने भी पुरुष गोला फेंक एफ 46 वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। मोनू ने अपने तीसरे प्रयास में 35.89 मीटर की दूरी तक चक्का फेंककर रजत पदक हासिल किया। इरान के एथलीट ओलाद माहदी ने 42.37 मीटर का नया रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीता।
गोला फेंक में यासिर ने 14.22 मीटर के प्रयास से कांस्य पदक जीता। चीन के वेई एनलोंग (15 .67 मीटर) ने खेलों के नए रिकार्ड के साथ स्वर्ण जबकि कजाखस्तान के मानसुरबायेव राविल (14 .66 मीटर) ने रजत पदक पर कब्जा जमाया।