एशियाई खेल: देश के लिए लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतकर लाएंगे- पुष्पा राणा
19 सितंबर से शुरू होने वाले 20वें एशियाई खेलों की महिलाओं की कबड्डी स्पर्धा में इस बार चार हिमाचली खिलाड़ी खेलेंगी।

पुष्पा राणा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्मशाला, दैनिक जागरण। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू होने वाले 20वें एशियाई खेलों की महिलाओं की कबड्डी स्पर्धा में इस बार चार हिमाचली खिलाड़ी खेलेंगी। इस टीम की कमान सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के मिल्लाह गांव की पुष्पा राणा संभालेंगी, जो टीम में राइट रेडर के तौर पर खेलती हैं।
पुष्पा अब तक तीन एशियाई खेल और एक विश्व कप खेल चुकी हैं। वहीं शिलाई से ही रितु नेगी उपकप्तान हैं। पुष्पा राणा इन दिनों गुजरात के गांधीनगर में प्रशिक्षण शिविर में हैं। भारतीय टीम की तैयारियों को लेकर उनसे अजय अत्री ने विस्तृत बातचीत की। प्रस्तुत हैं प्रमुख अंश :
एशियाई खेलों के लिए तैयारी कैसी चल रही है, किन बातों पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा?
देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा गौरव की बात होती है। जहां तक कबड्डी टीम की तैयारियों की बात है तो यह बहुत बढि़या चल रही है। टीम की हर खिलाड़ी का एक-दूसरे से तालमेल बहुत अच्छा है। वैसे भी एशियन खेल किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ा मंच है अत: फिटनेस, रणनीति व मानसिक मजबूती पर ज्यादा काम किया जा रहा है।
एशियाई खेलों में बड़ी चुनौती क्या रहेगी?
देखिए! चुनौती तो हर टूर्नामेंट में रहती है। कुछ अच्छी टीमें हैं जिनसे मुकाबला आसान नहीं रहेगा। कोशिश इस बात की रहेगी कि मैच से पहले हमने जो रणनीति बनाई होती है वो मुकाबले में अक्षरश: इस्तेमाल हो। हमारी टीम एकजुट है, अगर चीजों को सकारात्मक लेकर चलेंगे तो दो राय नहीं कि इस बार भी हम देश के लिए स्वर्ण पदक लेकर आएंगे।
इन खेलों में सबसे मजबूत प्रतिद्वंद्वी किस टीम को मानती हैं?
इतने बड़े स्तर पर खेलने वाली सभी टीमें अमूमन मजबूत ही होती हैं लेकिन अगर एक या दो की बात की जाए तो चीनी ताइपे और ईरान की टीमें बहुत अच्छी कबड्डी खेलती हैं। चीनी ताइपे ने हाल के वर्षो में अपने स्तर को काफी ऊपर उठाया है। इस टीम से पार पाना हमेशा मुश्किल काम रहा है ।
वर्ष 2022 में चीन के ग्वांगझू की स्वर्णिम सफलता को दोहरा पाएंगी?
जरूर! हमारी टीम अन्य सभी से मजबूत है। पिछले एशियाई खेलों के खिताबी मुकाबले में हमने चीनी ताइपे को रोमांचक मुकाबले में 26-25 से हराया था। इस बार कोशिश रहेगी कि कोई भी मैच इतना करीबी न रहने पाए। जहां तक स्वर्णिम सफलता को दोहराने की बात है तो आप विश्वास रखिए हम लगातार देश के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीतकर लाएंगे।
करियर में कोई ऐसा पल जिसने आप को बेइंतहा खुशी दी हो?
वर्ष 2019 में नेपाल में हुई 13वीं दक्षिणी एशियाई खेलों में कबड्डी के फाइनल मुकाबले के दौरान जब भारत ने नेपाल को 50-13 के बड़े अंतर से हराकर खिताब जीता था। वो दिन मेरे लिए खास मायने रखता है।
