विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एशियन गेम्स 2026: भारतीय मुक्केबाजों को मिला कठिन ड्रॉ, लवलीना और नरेंद्र सीधे क्वार्टर फाइनल से करेंगे शुरुआत

Published: Sun, 20 Sep 2026 08:13 PM (IST)

भारतीय मुक्केबाजों को एशियाई खेलों में चुनौतीपूर्ण ड्रॉ मिला है, जिसमें टोक्यो ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और नरेंद्र बेरवाल सीधे क्वार्टर फाइनल से अपना अभियान शुरू करेंगे।

लवलीना बोरगोहेन-नरेन्द्र बेरवाल

लवलीना बोरगोहेन-नरेन्द्र बेरवाल

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पीटीआई, निशियो (जापान)। भारतीय मुक्केबाजों को रविवार को एशियाई खेलों में चुनौतीपूर्ण ड्रॉ मिला, जबकि लवलीना बोरगोहेन और नरेन्द्र बेरवाल अपने अभियान की शुरुआत सीधे क्वार्टर फाइनल से करेंगे। हाल में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में रिकार्डतोड़ प्रदर्शन के बाद भारतीय दल से उम्मीदें बढ़ गई हैं, लेकिन एशियाई खेलों में चुनौती काफी कठिन है।

एशियाई खेलों में पुरुषों की छह और महिलाओं की पांच भार वर्ग की स्पर्धाएं हैं। पिछले चरण में भारत ने चार पदक जीते थे जिनमें एक रजत और तीन कांस्य पदक शामिल थे। तोक्यो ओलंपिक की पदक विजेता लवलीना ने 2023 चरण में रजत पदक जीता था और वह 75 किग्रा वर्ग में पदक से सिर्फ एक जीत दूर हैं। इस वर्ग में केवल आठ मुक्केबाज हिस्सा ले रही हैं।

लवलीना अपने अभियान की करेंगी शुरुआत

लवलीना अपने अभियान की शुरुआत दक्षिण कोरिया की सुयोन सेओंग के विरुद्ध करेंगी। इसके बाद सेमीफाइनल में उनका सामना 70 किग्रा वर्ग की मौजूदा विश्व चैंपियन कजाखस्तान की नताल्या बोगदानोवा या उज्बेकिस्तान की विश्व कांस्य पदक विजेता अजीजा जोकिरोवा से हो सकता है।

राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता साक्षी चौधरी (51 किग्रा) का शुरुआती मुकाबला काफी कठिन होगा जिसमें उनका सामना फिलीपींस की पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता आइरा विलागास से होगा। वहीं मौजूदा एशियाई चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता प्रीति पवार (54 किग्रा) को पहले दौर में बाई मिली है। इस साल एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली प्रिया घंघास (60 किग्रा) अपने अभियान की शुरुआत दक्षिण कोरिया की ओह येओन-जी के खिलाफ करेंगी।

इस प्रकार है टीम

महिला: साक्षी चौधरी (51 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा), परवीन हुड्डा (65 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा)।

पुरुष: जादूमणि सिंह (55 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), सुमित कुंडू (70 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा), कपिल पोखरिया (90 किग्रा), नरेंद्र बेरवाल (+90 किग्रा)।

यह भी पढ़ें- गोल्ड छूटा पर नहीं टूटी हिम्मत, एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने के बाद एलावेनिल ने भरी हुंकार

यह भी पढ़ें- 'पूरी तरह तैयार था, लेकिन अचानक चोट लग गई', एशियन गेम्स से बाहर होने पर छलका नीरज चोपड़ा का दर्द