Asian Games 2026 Live: महिला टीम के बाद मिक्स्ड रिकर्व टीम ने जीता सिल्वर, सेलिंग में भारत को मिला ब्रॉन्ज
Asian Games 2026 Live: भारतीय महिलाओं ने कमाल करते हुए देश को आर्चरी में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल दिलाया है।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियन गेम्स-2026 का अंत समीप है। भारत को हर दिन मेडल मिल रहे हैं, लेकिन पिछली बार की तुलना में प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। भारत ने अभी तक 65 से ज्यादा मेडल जीत लिए हैं और आज इस संख्या में निश्चित तौर पर इजाफा होगा। भारतीय खिलाड़ी आर्चरी, कुश्ती, गोल्फ, ताईक्वांडो, साइकिलिंग, सेलिंग, वॉलीबॉल जैसे अन्य खेलों में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
Asian Games 2026: आर्चरी में मिक्स्ड रिकर्व टीम ने जीता सिल्वर
आर्चरी में भारत के हिस्से एक और मेडल आया है। मिक्स्ड रिकर्व टीम ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। कुमकुम और धीरज की टीम को फाइनल में चीन के हाथों 5-3 से हार का सामना करना पड़ा। चीन ने आखिरी समय में बेहतरीन निशाने लगाते हुए गोल्ड मेडल जीता।
Asian Games 2026: सेलिंग में भारत को मिला ब्रॉन्ज मेडल
सेलिंग में भारत को महिलाओं के स्किफ इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल मिला है। यह इवेंट कल हुआ था और भारत मेडल नहीं जीत सका था, लेकिन चीन के डिसक्वालीफाई होने के बाद भारत को मेडल मिला। अब हर्षिता और शीतल के नाम ब्रॉन्ज मेडल हो गया है।
Asian Games Live: मिक्स्ड रिकर्व टीम फाइनल शुरू
मिक्स्ड रिकर्व टीम फाइनल शुरू हो चुका है। भारत के सामने चीन की चुनौती है जो आसान नहीं है। महिला टीम ने कोरिया को हराकर गोल्ड जीता था और इस टीम की सदस्य कुमकुम मिक्स्ड टीम इवेंट में धीरज के साथ मिलकर एक और मेडल जीतने की कोशिश करेंगी।
Asian Games 2026: आर्चरी में रिकर्व मिक्स्ड टीम फाइनल में
महिला रिकर्व टीम के ऐतिहासिक गोल्ड के बाद अब मिक्स्ड टीम ने भी गोल्ड की उम्मीद जगा दी है। इस टीम ने सेमीफाइनल में जापान को 5-3 से मात देते हुए फाइनल में जगह बनाई। गोल्ड मेडल के लिए भारत का सामना चीन से होगा। कुमकुम और धीरज बोम्मादेवरा इस इवेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश में होंगे।
Asian Games Live: कुश्ती में एक और हार, रजत हुए बेहाल
कुश्ती में भारत को एक और हार का सामना करना पड़ा है। रजत रूहल को पुरुषों के फ्रीस्टाइल 125 किलोग्राम भार वर्ग के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में कजाकिस्तान के येदिगे कासिमबेक ने 8-3 से हरा दिया है। इस मुकाबले में रजत एक समय 3-1 से आगे थे, लेकिन अपनी बढ़त को कायम नहीं रख पाए और हार गए।
Asian Games 2026 Live Updates: दीपांशी के बाद प्रिया को भी मिली हार
कुश्ती में भारत के हिस्से एक और हार आई है। महिलाओं के 76 किलोग्राम भार वर्ग के राउंड ऑफ 16 में प्रिया को किर्गिस्तान की मेदेत किजी से 6-1 से हार का सामना करना पड़ा है। दीपांशी की तरह ही प्रिया के पास रेपेचेज राउंड में पहुंचने का मौका होगा जहां वह ब्रॉन्ज अपने नाम कर सकती हैं, लेकिन इसके लिए मेदेत को फाइनल में जाना होगा।
Asian Games 2026 Live: कुश्ती में दीपांशी को मिली हार
कुश्ती में भारत के लिए निराशाजनक खबर आई है। महिलाओं के 50 किलोग्राम भारवर्ग के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में दीपांशी को जापान की युई सुसाकी ने 11-0 के अंतर से हरा दिया। सुसाकी चार बार की वर्ल्ड चैंपियन हैं और उन्होंने 2020 टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता था। हालांकि, दीपांशी के पास रेपेचेज के जरिए ब्रॉन्ज मेडल राउंड में पहुंचने का मौका है।
Asian Games 2026: ताइक्वांडो में कशिश मलिक क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं
भारत की कशिश मलिक ने मिक्स्ड इंडिविजुअल वर्चुअल ताइक्वांडो के राउंड ऑफ 16 में हांगकांग चीन की सिउ वाई लैम को 2-0 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
Asian games 2026 Live: सेपक टकरा में भारत को मिली हार
सेपक टकरा में भारतीय महिला टीम को ग्रुप ए के अपने आखिरी मैच में थाईलैंड से 0-2 (10-15, 4-15) से हार का सामना करना पड़ा और इसके साथ ही तीन हार के साथ टीम ग्रुप में सबसे नीचे रही।
Asian Games Live: आर्चरी में महिला रिकर्व टीम का ऐतिहासिक गोल्ड
आर्चरी में भारतीय महिला रिकर्व टीम ने कमाल कर दिया है। इस टीम ने कोरिया के प्रभुत्व को खत्म करते हुए गोल्ड अपने नाम किया। भारत ने कोरिया को 5-3 से मात दी और एशियन गेम्स में पहली बार गोल्ड जीता।
Asian Games 2026 Live: मेडल की संख्या में होगा इजाफा
एशियन गेम्स में आज भारतीय खिलाड़ी 13 अलग-अलग खेलों में हिस्सा ले रहे हैं और खूब एक्शन देखने को मिलेगा। भारत ने अभी तक 60 से ज्यादा मेडल अपने नाम कर लिए हैं और अभी मेडल टैली में आठवें स्थान पर है।
