Asian Games 2026 Live: टीम इंडिया की मेडल टैली में होगा इजाफा, निशानेबाजी में देश को मिला सिल्वर
Asian Games 2026 Live: जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स में आज भारतीय खिलाड़ी ज्यादा से ज्यादा मेडल जीतने की कोशिश करेंगे।
-1790650701254_m.webp)
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियन गेम्स में आज भारतीय टीम अपने मेडल की संख्या में इजाफा करने के मकसद से उतरेगी। भारत को आज निशानेबाजी, आर्चरी, स्क्वॉश, कुराश, सर्फिंग, साइकिलिंग, टेनिस, कैनोइंग, सेलिंग, मुक्केबाजी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स जैसे इवेंट में मेडल जीतने की उम्मीद होगी।
Asian Games Updates: पुरुषों के ट्रैप टीम इवेंट में भारत को नहीं मिला मेडल
पुरुषों की भारतीय ट्रैप टीम इस स्पर्धा में कोई मेडल नहीं जीत सकी। पुरुष टीम 339 अंकों के साथ छठे स्थान पर रही। कुवैत ने 355 अंकों के साथ गोल्ड, कतर ने 349 अंकों के साथ सिल्वर और कजाकिस्तान ने 348 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
Asian Games live: निशानेबाज शपथ भारद्वाज फाइनल में पहुंचे
भारत के शपथ भारद्वाज पुरुषों की व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर गए हैं। फाइनल में जगह बनाने के लिए आखिरी दो क्वालिफिकेशन स्पॉट के लिए हुए शूट-ऑफ में शपथ भारद्वाज ने मोहम्मद अल-रुमैही को पीछे छोड़कर आठवां स्थान हासिल किया।
Asian Games 2026 Live: नीरू ने क्वालिफिकेशन में किया टॉप
महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत शूटिंग स्पर्धा में भारत की नीरू ढांडा क्वालिफिकेशन में टॉप पर रहीं। वह कतर की रे बासिल के साथ बराबरी पर थीं, लेकिन शूट-ऑफ में उन्होंने बाजी मार ली। वह कुछ ही घंटों में होने वाले फाइनल में हिस्सा लेंगी।
Asian Games 2026: मलेशिया और बांग्लादेश का मैच भी रद
क्रिकेट में एक और मैच बारिश के कारण रद हो गया है। मलेशिया और बांग्लादेश के बीच खेला जाने वाला क्वार्टर-फाइनल मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। उच्च रैंकिंग के आधार पर बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है जहां उसका सामना पाकिस्तान से होगा।
Asian Games live: स्क्वॉश महिला टीम ने ईरान को दी मात
स्क्वॉश में भारतीय महिला टीम ने ईरान को हराते हुए पूल सी में टॉप किया और क्वार्टर-फाइनल में जगह पक्की कर ली। भारतीय महिला टीम ने अपने आखिरी ग्रुप-स्टेज मैच में ईरान के खिलाफ 3-0 से आसान जीत हासिल की। भारत ने उस ग्रुप में टॉप किया जिसमें मेजबान जापान और चीन भी शामिल थे और क्वार्टर-फाइनल में कल उसका मुकाबला सिंगापुर से होगा।
Asian Games live: कुराश में भारत को मिली निराशा
कुराश में भारत को निराशा हाथ लगी है। पुरुषों के 66 किलोग्राम भार वर्ग में भारत के विपिन कुमार राउंड ऑफ 16 से बाहर हो गए। भारतीय खिलाड़ी का मुकाबला दक्षिण कोरिया के ह्योनसू यूं से था। यूं ने यह मुकाबला 3-0 से जीता और इसी के साथ विपिन का सफर खत्म हो गया।
Asian Games 2026: आर्चरी में नीरज और धीरज को मिली जीत
आर्चरी में पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा केराउंड ऑफ 32 में नीरज ने शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की और अगले दौर में जगह बनाई। भारतीय तीरंदाज ने इंडोनेशिया के रियू इगा अगाता सालसाबिला के खिलाफ 6-4 से जीत हासिल की। वहीं इसी स्पर्धा में हिस्सा ले रहे एक और भारतीय धीरज ने फिलीपींस के गिरविन कलन नाइजेल गार्सिया को 6-0 के स्कोर से हराया। दोनों ही भारतीय अब राउंड ऑफ 16 में नजर आएंगे।
Asian Games Live Updates: सर्फिंग में भारत के हाथ लगी निराशा
सर्फिंग में क्वार्टर-फाइनल में किशोर की हार के साथ भारतीय चुनौती खत्म हो गई है। पुरुषों की शॉर्टबोर्ड प्रतियोगिता में किशोर मेडल राउंड में पहुंचने के बहुत करीब थे। भारतीय खिलाड़ी फिलीपींस के टोबी एस्पेजोन से 5.37-8.53 से हार गए।
Asian Games live: भारतीय निशानेबाजों ने जीता सिल्वर मेडल
शूटिंग में महिलाओं के ट्रैप इवेंट में भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। नीरू ढांडा (118), आशीमा अहलावत (106) और मनीषा कीर (104) की भारतीय तिकड़ी ने कुल 328 अंक हासिल किए और चीन (346) के बाद दूसरे स्थान पर रही। चीन के हिस्से गोल्ड आया।
वहीं नीरू ढांडा ने शानदार स्कोर के साथ व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह बना ली है।
Asian Games 2026 Live Updates: भारत की मेडल टैली में होगा इजाफा
एशियन गेम्स में भारत ने अब तक 45 मेडल जीते हैं जिनमें चार गोल्ड, 20 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज शामिल हैं। इस समय भारत मेडल टैली में 12वें स्थान पर है। आज भारतीय एथलीट 13 अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेंगे और देश के लिए मेडल जीतने की कोशिश करेंगे।
