Asian Games 2026 Live: आर्चरी कंपाउंड टीम ने सेमीफाइनल में बनाई जगह, मनु भाकर का संघर्ष जारी
Asian Games 2026 Live: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत एथलेटिक्स, स्क्वॉश, वेटलिफ्टिंग, कुराश और शूटिंग में मेडल अपने नाम कर सकता है।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स-2026 में भारत आज के दिन की शुरुआत मेडल टैली में 10वें स्थान के साथ करेगा और उसकी कोशिश अपनी स्थिति को बेहतर करने की होगी। भारत ने अभी तक चार गोल्ड, 12 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। रविवार को एथलेटिक्स, स्क्वॉश, वेटलिफ्टिंग, कुराश और शूटिंग में मेडल इवेंट्स होंगे। इन खेलों में भारत के पास अपने मेडल की संख्या को बढ़ाने का मौका होगा। भारतीय खिलाड़ी बैडमिंटन, आर्चरी, बॉक्सिंग और हॉकी जैसे इवेंट्स में भी हिस्सा लेंगे।
Asian Games live: विथ्या रामराज और अनु राघवन 400 मीटर हर्डल्स के फाइनल में
भारत की विथ्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर हर्डल हीट में 55.73 सेकेंड का समय निकालते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। ये उनका सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। हीट में कजाकिस्तान की एडेलिना जेम्स पहले स्थान पर रहीं। वहीं एक और भारतीय अनु राघवन ने अपनी हीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 55.84 सेकेंड का समय निकालते हुए सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है।
Asian Games live: तेजस्विन शंकर का मिलाजुला प्रदर्शन
गोल्ड मेडल के मजबूत दावेदार तेजस्विन शंकर का डिस्कस थ्रो में प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। जहाँ बाकी एथलीट 40 मीटर से अधिक थ्रो कर रहे थे, वहीं तेजस्विन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो केवल 36.77 मीटर रहा और वे 7वें स्थान पर रहे। थ्रो इवेंट से उन्हें सिर्फ 599 पॉइंट्स मिले, जिससे वे ओवरऑल स्टैंडिंग्स में टॉप से खिसक कर 5,869 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर आ गए हैं। जापान के युमा मारुयामा और चीन के शिंगहुआ चेन उनसे आगे निकल गए हैं।इससे पहले पुरुषों की डिकैथलॉन 110 मीटर हर्डल हीट-1 में तेजस्विन 14.33 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।
Asian Games Live Updates: इक्वेस्ट्रियन में नहीं मिला मेडल
इक्वेस्ट्रियन में भारत को इन खेलों में एक भी मेडल नहीं मिला। पुरुषों के व्यक्तिगत ड्रेसेज फाइनल में भारत के विपुल छेड़ा और जय सूद क्रमशः 8वें और 9वें स्थान पर रहे।
Asian Games 2026: बैडमिंटन से मिली निराशा
बैडमिंटन में भारत को निराशा हाथ लगी है। मिक्स्ड डबल्स और महिला डबल्स में ध्रुव-तनीषा और त्रिशा-गायत्री की जोड़ी को हार मिली है। ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो को मिक्स्ड डबल्स के मुकाबले में चीन की फेन्ग-हुआंग जोड़ी ने 21-14, 18-21, 21-18 से हराया। वहीं त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद को महिला डबल्स में मलेशिया की तान-मुरलीधरन जोड़ी से सीधे गेमों में 21-18, 21-9 से हार का सामना करना पड़ा।
Asian Games 2026: आर्चरी में कंपाउंड और रिकर्व मिक्स्ड टीमें भी सेमीफाइनल में पहुंचीं
आर्चरी में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। कंपाउंड टीमों के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद अब कंपाउंड मिक्स्ड टीम और रिकर्व मिक्स्ड टीम दोनों ने भी अपने-अपने इवेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। चिकिता तनिपार्थी और साहिल जाधव की जोड़ी ने शानदार तालमेल दिखाते हुए मंगोलिया और कजाकिस्तान को हराकर कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट के अंतिम-4 में जगह बनाई। वहीं, धीरज बोम्मादेवरा और कुमकुम मोहोद की जोड़ी ने रिकर्व मिक्स्ड इवेंट में यूएई और वियतनाम को शिकस्त देकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।
Asian Games live: संतोष तमिलरासन बाधा दौड़ के फाइनल में पहुंचे
संतोष तमिलरासन ने पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ की पहली हीट में 49.61 सेकेंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। यशस पलक्ष दूसरी हीट में थे। उन्होंने दौड़ शुरू तो की, लेकिन पहली बाधा आने से पहले ही रुक गए। वे दौड़ पूरी नहीं कर पाए।
Asian Games live Updates: कुराश में नहीं आएगा मेडल
एशियन गेम्स में कुराश मार्शल आर्ट स्पर्धा से भारत को भी भी मेडल नहीं मिलेगा। भारतीय खिलाड़ी मेडल राउंड में जगह बनाने से पहले ही बाहर हो गए हैं
Asian Games live: मनु भाकर की खराब शुरुआत
25 मीटर पिस्टल इवेंट में ईशा सिंह ने शानदार शुरुआत की है। महिलाओं के 25 मीटर पिस्टल (Precision Stage) क्वालीफिकेशन मुकाबले में भारत की ईशा सिंह ने धमाकेदार शुरुआत की है। अपनी पहली सीरीज में 99 प्वाइंट्स का शानदार स्कोर दर्ज कर ईशा सिंह पहले स्थान पर पर पहुंच गई हैं। वहीं, दूसरी भारतीय शूटर मनु भाकर शुरुआत में थोड़े उतार-चढ़ाव के बाद फिलहाल 9वें स्थान पर बनी हुई हैं। राही सरनोबत भी इस स्पर्धा में निशाना साध रही हैं और टीम इंडिया को इन तीनों से बेहतरीन स्कोर की उम्मीद है।
Asian Games 2026 Live: एथलेटिक्स में मिली निराशा
भारत की प्रियंका गोस्वामी और मंजू रानी महिलाओं की रेस वॉक में उतरी थीं, लेकिन रेस के दौरान तकनीकी खामियों की वजह से प्रियंका को नौ किलोमीटर के निशान के बाद डिसक्वालिफ़ाई कर दिया गया। 25 किलोमीटर के बाद बची हुई छह धावकों में मंजू पांचवें पर रहीं।
Asian Games 2026: कंपाउंड आर्चरी में भारतीय पुरुष और महिला टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं
राउंड ऑफ 16 में मंगोलिया को 238-223 से हराने के बाद भारतीय महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान को 233-230 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, पुरुष टीम ने अपने पहले मुकाबले में यूएई को 235-215 से हराया जिसके बाद क्वार्टर फाइनल में भूटान के खिलाफ 235-232 से करीबी जीत दर्ज की।
Asian Games Live Updates: भारत की नजरें मेडल में इजाफा करने पर
भारतीय खिलाड़ी आज एक बार फिर मेडल जीतने की जद्दोजहद करेंगे। टीम इंडिया एथलेटिक्स, स्क्वॉश, वेटलिफ्टिंग, कुराश और शूटिंग में मेडल अपने नाम कर सकती है। वहीं बैडमिंटन, आर्चरी, बॉक्सिंग और हॉकी जैसे खेलों में भारतीय खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
