एशियन गेम्स 2018: 6वें दिन ऐसा रहा भारत का प्रदर्शन, इतनी हुई पदकों की संख्या
एशियन गेम्स में शुक्रवार का दिन भारत के लिए शानदार रहा। शुक्रवार को भारत के खाते में 7 पदक आए, जिनमें 2 गोल्ड, 1, सिल्वर और 4 कांस्य शामिल है।
नई दिल्ली, जेएनएन। एशियन गेम्स में शुक्रवार का दिन भारत के लिए शानदार रहा। शुक्रवार को भारत के खाते में 7 पदक आए, जिनमें 2 गोल्ड, 1, सिल्वर और 4 कांस्य शामिल है। भारतीय खिलाड़ियों ने रोइंग मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन कर गोल्ड और दो ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए हैं। भारतीय रोइंग टीम ने (नौकायन) पुरुषों की 'क्वाडरपल स्कल्स स्पर्धा' में गोल्ड मेडल जीता।
वहीं टेनिस के मिक्स्ड डबल्स में रोहन बोपन्ना और शरण की जोड़ी ने गोल्ड पर कब्जा जमाया। हालांकि पुरुष कबड्डी टीम के बाद महिला टीम ने भी निराश किया और फाइनल में इरान से हारकर उन्हें सिल्वर से संतोष करना पड़ा।
रोइंग में एतिहासिक दिन
भारतीय खिलाड़ियों ने रोइंग मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन कर गोल्ड और दो ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए हैं। भारतीय रोइंग टीम ने (नौकायन) पुरुषों की 'क्वाडरपल स्कल्स स्पर्धा' में गोल्ड मेडल जीता। स्वर्ण सिंह, दत्तु भोकनल, ओम प्रकाश और सुखमीत की टीम ने भारत को रोइंग में गोल्ड मेडल दिलाया। वहीं भगवान सिंह और रोहित ने लाइटवेट डबल स्कल्स में यह ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है।
हिना ने कांस्य पर लगाया निशाना
भारत की स्टार निशानेबाज हिना सिद्धू ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। हालांकि युवा निशानेबाज मनु भाकर ने एक बार फिर अपने फैंस को निराश किया। मनु पदक की दौड़ में 5वीं स्थान पर रही। जब मुकाबले में केवल 3 निशानेबाज बचे थे तो हिना ने लगभग परफेक्ट टेन का निशाना लगाया लेकिन अगले ही निशाने में उन्हें निराश होना पड़ा क्योंकि उस निशाने में वह केवल 9.6 अंक ही हासिल कर पाई और पिछड़ गई। इस शॉट की वजह से उन्हें कांस्य से संतोष करना पड़ा।
कबड्डी में भारत की बादशाहत खत्म
एशियन गेम्स 2018 में भारतीय कबड्डी की बादशाहत खत्म हो गई। गुरुवार को पुरुष टीम इरान से हारकर गोल्ड की रेस से बाहर हो गई तो शुक्रवार को महिला को भी फाइनल में इरान के हाथों हार झेलनी पड़ी। अब महिला टीम को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। इरान ने भारतीय टीम को 27-24 से हराकर उसकी बादशाहत खत्म की। फाइनल मुकाबले में इरान की टीम शुरुआत से ही भारतीय टीम पर भारी पड़ी। बीच बीच में टीम इंडिया ने वापसी की लेकिन वह इरान की चुनौती पार नहीं कर पाई। इस मैच में अंपायर पर भी सवाल उठ रहे हैं।
दुष्यंत का संघर्ष
पुरुष लाइटवेट सिंगल्स स्कल्स में दुष्यंत ने भारत के लिए दिन की शुरुआत कांस्य पदक के साथ की। 2013 की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में र्स्वश्रेष्ठ रोअर चुने गए दुष्यंत ने 7:18.76 के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। मौजूदा आयोजन में शुक्रवार को मुकाबले के बाद दुष्यंत को स्ट्रेचर पर मेडिकल सेंटर ले जाना पड़ा। वह इतना थक गए थे कि पदक समारोह में वह ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।
टेनिस में प्रजनेश ने दिलाया कांस्य
भारत के प्रजनेश ने मेंस सिंगल में कांस्य पदक हासिल किया हालांकि उनसे गोल्ड या सिल्वर की उम्मीद की जा रही थी लेकिन उज्बेकिस्तान के डेनिस ने सेमीफाइनल मुकाबले में प्रजनेश को 6-2, 6-2 से हरा दिया और इसी के साथ यहां भारत को ब्रॉन्ज मेडल से ही संतोष करना पड़ेगा।
देश | स्वर्ण पदक | रजत पदक | कांस्य पदक | कुल पदक |
भारत | 6 | 5 | 14 | 25 |
चीन | 66 | 46 | 27 | 139 |
जापान | 29 | 31 | 43 | 103 |
दक्षिण कोरिया | 23 | 26 | 29 | 78 |
इरान | 12 | 11 | 8 | 31 |
इंडोनेशिया | 9 | 9 | 14 | 32 |
उत्तर कोरिया | 8 | 5 | 6 | 19 |
ताइपे | 6 | 7 | 12 | 25 |
थाइलैंड | 6 | 4 | 20 | 30 |
उजेबकिस्तान | 6 | 10 | 7 | 21 |