Move to Jagran APP

अर्जुन मुंडा बने भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष

अर्जुन मुंडा ने असम तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष और सेवानिवृत आइएएस अधिकारी बीवीपी राव को 34-18 के अंतर से हराया।

By Sanjay SavernEdited By: Published: Sat, 18 Jan 2020 08:45 PM (IST)Updated: Sat, 18 Jan 2020 08:45 PM (IST)
अर्जुन मुंडा बने भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष
अर्जुन मुंडा बने भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष

नई दिल्ली, जेएनएन। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा शनिवार को तीन पर्यवेक्षकों की निगरानी में कराए गए चुनाव में निलंबित भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआइ) के अध्यक्ष चुने गए।

loksabha election banner

एएआइ के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा के समर्थन से झारखंड तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष मुंडा ने असम तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष और सेवानिवृत आइएएस अधिकारी बीवीपी राव को 34-18 के अंतर से हराया। मुंडा के पूरे पैनल ने जीत दर्ज की जिसका कार्यकाल चार साल का होगा। महाराष्ट्र के प्रमोद चंदुरकर ने सचिव पद के चुनाव में चंडीगढ़ के महासिंह को 31-21 से हराया जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष के चुनाव में हरियाणा के पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने मणिपुर के जीए इबोपिशाक को 32-20 से शिकस्त दी। कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में उत्तराखंड के राजेंद्र सिंह तोमर ने ओडिशा के समिख्या नंदा दास को 34-18 से मात दी।

कुल 31 राज्य संघ एएआइ का हिस्सा हैं, लेकिन केवल 26 राज्यों को मतदान में हिस्सा लेने का मौका मिला जहां प्रत्येक राज्य के दो-दो मत थे। उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर निर्वाचक मंडल में शामिल नहीं हैं। इस तरह कुल 52 मतों से अध्यक्ष, महासचिव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, आठ उपाध्यक्ष, सात संयुक्त सचिव और एक कोषाध्यक्ष सहित 19 सदस्यीय कार्यकारी समिति का चयन हुआ। मुंडा तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे हैं और बेहद लोकप्रिय आदिवासी नेता हैं। वह तीरंदाजी की अकादमी भी चलाते हैं जिसने पूर्व नंबर एक दीपिका कुमारी के खेल में सुधार करने में अहम भूमिका निभाई है।

चुनाव दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के मुताबिक हुए जहां विश्व तीरंदाजी ने भी चुनावों पर नजर रखने के लिए अपने पर्यवेक्षक के रूप में काजी रजीबउद्दीन अहमद चापोल को भेजा था। इससे पहले मुंडा और राव की अगुआई वाले दो गुटों ने पिछले साल जून में दिल्ली और चंडीगढ़ में अलग-अलग चुनाव करवाए थे जिसके बाद विश्व तीरंदाजी ने एएआइ को निलंबित कर दिया था। एशिया क्षेत्र के उपाध्यक्ष चापोल अब विश्व तीरंदाजी संघ के अपनी रिपोर्ट को सौपेंगे जिसके आधार पर एएआइ से निलंबन हटाने का फैसला किया जाएगा।

निर्वाचित सदस्य :

अध्यक्ष : अर्जुन मुंडा

महासचिव : प्रमोद चंदुरकर

वरिष्ठ उपाध्यक्ष : कैप्टन अभिमन्यु सिंह

उपाध्यक्ष : अमरिंदर सिंह , रूपक देबरॉय, केके जादम, रुपेश कर, चेतन कवेल्का, कैलाश मुरारका, पिया बनियाला नोंगब्री, डीके विद्यार्थी।

संयुक्त सचिव : दिनेश भील, के बी गुरंग, राम निवास हुड्डा, सुमंता मोहंती, कोमजुम रिब्बा, जोरिस पॉलोज उम्माचेरिल और शिहान हुसैनी।

कोषाध्यक्ष : राजेंद्र सिंह तोमर

----------------


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.