विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 08, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

टोक्यो ओलंपिक खेलों से 16 दिन पहले भारत के खेल मंत्री बने अनुराग ठाकुर

By Vikash GaurEdited By:
Published: Thu, 08 Jul 2021 09:40 AM (IST)

ओलंपिक खेलों से पहले देश को नया खेल मंत्री मिला है। अनुराग ठाकुर को किरण रिजिजू की जगह भारत का ...और पढ़ें

Anurag Thakur खेल मंत्री हैं (फोटो ट्विटर)
Anurag Thakur खेल मंत्री हैं (फोटो ट्विटर)

नई दिल्ली, पीटीआइ। काफी समय से देश के खेल मंत्रालय का जिम्मा किरण रिजिजू के पास था, लेकिन अब टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों से पहले भारत को नया खेल मंत्री मिला है। टोक्यो ओलंपिक खेलों से ठीक 16 दिन पहले अनुराग ठाकुर को किरण रिजिजू की जगह देश का नया खेल मंत्री बना दिया गया है। बुधवार 7 जुलाई को अनुराग ठाकुर ने मंत्री पद की शपथ भी ले ली है। 

46 वर्षीय अनुराग ठाकुर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली, जिसके बाद उन्हें खेल मंत्रालय के साथ-साथ सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का प्रभार भी सौंपा गया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अनुराग ठाकुर ने ट्वीट भी किया।

देश के नए खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट करते हुए लिखा, "मैं एक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के रूप में भारत के लोगों की सेवा करने के लिए सम्मानित महसूस कर रहा हूं और मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं।" ठाकुर मई 2016 से फरवरी 2017 तक बीसीसीआइ के अध्यक्ष थे। उससे पहले वह बोर्ड के सचिव थे और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) के प्रमुख भी थे।

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद ठाकुर बुधवार को कैबिनेट फेरबदल से पहले निर्मला सीतारमण के अंतर्गत राज्य वित्त एवं कारपोरेट मामलों के मंत्री के तौर पर काम कर रहे थे। उनके भाई अरुण धूमल इस समय बीसीसीआइ के कोषाध्यक्ष हैं। रिजिजू को मई 2019 में ओलंपिक रजत पदक विजेता राज्यवर्धन सिंह राठौर की जगह खेल एवं युवा मंत्री बनाया गया था।