महिला प्रो गोल्फ टूर: अफशान फातिमा ने जीता करियर का पहला खिताब
अफशान ने अंतिम दौर में एक अंडर 71 और अमनदीप ने तीन ओवर 75 का कार्ड खेला
नई दिल्ली, जेएनएन। अफशान फातिमा ने हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर के 13वें चरण में शुक्रवार को दूसरे प्लेऑफ होल में अमनदीप द्राल को पीछे छोड़कर अपने करियर का पहला पेशेवर खिताब जीता।अफशान ने अंतिम दौर में एक अंडर 71 और अमनदीप ने तीन ओवर 75 का कार्ड खेला। इससे दोनों का स्कोर पांच ओवर 221 हो गया। प्लेऑफ में भी दोनों गोल्फर फिर से बराबरी पर आ गईं।
इसके बाद दूसरे प्लेऑफ होल का सहारा लेना पड़ा, जिसमें अफशान ने अमनदीप को पीछे छोड़ा। जेपी ग्रींस में इस साल यह दूसरा टूर्नामेंट था। पिछली बार फरवरी में हुए टूर्नामेंट के पांचवें दौर में गुरसिमर बढवाल विजेता रहीं थीं, जबकि अफशान चौथे स्थान पर रहीं थीं। एक बार फिर 22 वर्षीय अफशान के पास खुद को साबित करने का मौका था, लेकिन इस बार उन्होंने पिछले प्रदर्शन से आगे निकलते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया जिससे उनका मनोबल काफी बढ़ेगा।
त्वेसा मलिक ने भी अच्छी कोशिश की, लेकिन उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। वहीं, सिद्धी कपूर ने चौथा और गुरसिमर ने पांचवां स्थान हासिल किया, जबकि गौरिका बिश्नोई और आयशा कपूर संयुक्त रूप से छठे स्थान पर रहीं।