राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को खेल मंत्री बनाया जाए: मिल्खा सिंह
भारत के पूर्व दिग्गज एथलीट मिल्खा सिंह ने आज सुझाव दिया कि राज्यवर्धन सिंह राठौर को खेल मंत्री बनाया जाए।
चंडीगढ़। भारत के पूर्व दिग्गज एथलीट मिल्खा सिंह ने आज सुझाव दिया कि अगर ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजनों में सफलता हासिल करनी है तो पूर्व ओलंपिक पदक विजेता व मौजूदा केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर को खेल मंत्री बनाया जाए।
मिल्खा सिंह ने कहा, 'मेरा एक सुझाव है कि राज्यवर्धन सिंह राठौर को खेल मंत्री बनाया जाए और उनको जरूरी फंडिंग व समर्थन मुहैया कराया जाए। हर खेल के लिए अलग-अलग व्यक्तियों को जिम्मेदारी सौंपी जाए और देश के लिए पदक लाने के लिए उन्हें पूरा समर्थन दिया जाए। हमारे देश में प्रतिभा मौजूद है और सही प्रयास के साथ मुझे भरोसा है कि हम इसे मुमकिन कर सकते हैं।'
मिल्खा सिंह ने बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू द्वारा रियो में रजत पदक जीतने की सफलता को ऐतिहासिक बताया। मिल्खा ने कहा कि उनकी आंखों में तब आंसू आ गए थे जब पीवी सिंधू और पहलवान साक्षी मलिक तिरंगे में लिपटी हुई पदक हासिल कर रही थीं। सिंधू ने साक्षी (कांस्य) और सिंधू (रजत) को उनकी ऐतिहासिक सफलताओं के लिए बधाई दी।