गोवा में सुंदरगढ़ के युवक की मौत, शव लाने में विधवा मां असमर्थ
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के एक युवक का शव गोवा की एक नाव में पिछले तीन दिनों से पड़ा है।
संसू, सुंदरगढ़ : ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के एक युवक का शव गोवा की एक नाव में पिछले तीन दिनों से पड़ा है। इस खबर से युवक के गांव में शोक का माहौल है। पर उसे लाने में उसकी विधवा मां असमर्थ है। असहाय मां नंदिनी घुट घुट कर आंसू बहा रही है।
बालीशंकरा प्रखंड के गिद्धपहाड़ी गांव का महादेव चिता (25) अपने पिता राम चिता की मौत के बाद मजूदरी कर अपना व अपनी मां का पेट पालता था। पिछले साल अगस्त में गांव के कुछ युवक मछली मारने वाले ट्रोलर में काम करने के लिए गोवा जा रहे थे। अच्छे रोजगार की उम्मीद में महादेव भी उनके साथ जाने को तैयार हो गया। मां नंदिनी अपने इकलौते बेटे को इतनी दूर जाने नहीं देना चाहती थी। महादेव ने बड़ी मुश्किल से उसे समझा बुझा कर राजी किया और 7 अगस्त को वह गांव के अन्य 7 युवकों के साथ गोवा चला गया। वहां दिन रात उन्हें ट्रोलर पर ही रहना होता था। विगत चार अप्रैल को महादेव के सीने में दर्द उठा। उसके साथी उसे डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर द्वारा दी गई दवा लेकर वापस ट्रोलर पर लौटे। महादेव नियमित रूप से दवा खाता रहा। पर उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ और छह अप्रैल की भोर करीब तीन बजे उसकी सांसें थम गई। तब से महादेव का शव उसी ट्रोलर में ही पड़ा है। उसके साथियों ने महादेव की मां को इसकी खबर दी लेकिन वह भी समर्थ नहीं है कि बेटे का मुंह देखने गोवा जा सके, या उसका शव वहां से ला सके। किजिरकेला थाना से गांव वालों ने इस संदर्भ में सहायता की गुजारिश की है। पर अब तक कोई आगे नहीं आया है।
पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला, आरोपित गिरफ्तार
तलसरा थाना अंतर्गत टांगर बहाल गांव में मामूली बात को लेकर पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। रक्त रंजित हालत में पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, वहीं पति को गिरफ्तार कर पुलिस छानबीन कर रही है।
टांगर बाहर गांव में 55 वर्षीय मरियानुस सोरेन का 45 वर्षीय पत्नी नुलिया सोरेन के साथ विवाद हो गया। उत्तेजित होकर मरियानुस ने कुल्हाड़ी से नुलिया पर हमला कर दिया। इससे उसे गंभीर चोट लगी। इस संबंध में सूचना मिलने पर तलसरा पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में नुलिया को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं आरोपित पति को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।