नदी के बीच फंसी महिला को निकाला गया
सूखी ईव नदी में अचानक बाढ़ आ जाने से नदी के बीच चट्टान पर कपड़े सुखा
संवाद सूत्र, सुंदरगढ़ : सूखी ईव नदी में अचानक बाढ़ आ जाने से नदी के बीच चट्टान पर कपड़े सुखा रही टेंट हाउस कर्मी महिला पानी के बीच फंस गई। सूचना मिलने पर ओड्राफ टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
सुंदरगढ़ में ईव नदी शनिवार को पानी कम था। हमेशा की तरह सुबह बजरंग टेंट हाउस की महिला कर्मी गंदे कपड़े लेकर महादेवपाड़ा घाट में गई थी। बीच नदी में जाकर कार्पेट एवं अन्य कपड़े धोने के बाद उसे सूखने के लिए छोड़ दिया था। दोपहर करीब एक बजे महिला नदी के बीच जाकर कपड़े समेट रही थी। तभी अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने लगा एवं वह बीच नदी पर ही फंस कर रह गई। जब टेंट हाउस मालिक को इसकी खबर मिली तब इसकी सूचना ओड्राफ टीम को दी गई। सूचना मिलते ही टीम ने बचाव कार्य शुरू किया। नाव की मदद से टीम के सदस्य नदी के बीच जाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।