महिला ओपीएल में प्रंजल सिंह व श्रीया चोकरो का चयन
ओडिशा प्रीमियर लीग (ओपीएल) के लिए सुंदरगढ़ जिले की प्रंजल सिंह व श्रीया चोकरो का चयन किया गया है।
संसू, राउरकेला/राजगांगपुर : ओडिशा प्रीमियर लीग (ओपीएल) के लिए सुंदरगढ़ जिले की प्रंजल सिंह व श्रीया चोकरो का चयन किया गया है। श्रीया चोकरो, राजगांगपुर के भट्ठा पाड़ा निवासी बिजय कुमार चोकरो एवं प्रंजल सिंह राउरकेला के पानपोष बस्ती में रहने वाले घनश्याम सिंह की पुत्री है। ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन की महिला क्रिकेट ओडिशा प्रीमियर लीग के मैच भुवनेश्वर स्थित कीट कॉलेज और विकास कॉलेज के मैदान में खेले जाएंगे। इसमें जिसका अच्छा प्रदर्शन रहेगा उस महिला क्रिकेटर को राज्य की टीम में खेलने का मौका मिलेगा।
ओडिशा प्रीमियर लीग में चयनित श्रीया चोकरो ने वर्ष 2017 में अंडर-16 और 2018 में अंडर-19 में ओडिशा की टीम में जगह बनाई थी। इस बार ओपीएल में जगह बनाने में सफलता पाई है। श्रीया को बचपन से ही क्रिकेट में रुचि थी। बेटी की रुचि को देख श्रीया के पिता बिजय कुमार ने शहर के सबसे अच्छे आदर्श क्लब में उसका दाखिल करवा दिया। श्रीया के ओडिशा प्रीमियर लीग में चयन पर सुंदरगढ़ जिला क्रीड़ा संघ के महासचिव प्रभात भोल ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि हालही में राजगांगपुर जैसे छोटे शहर से सैयद मुश्ताक ट्रॉफी के लिए वाल्टर टोप्पो एवं ओडिशा प्रीमियर लीग के लिए संजय दास का चयन हुआ है। अब महिला क्रिकेटर श्रीया चोकरो का ओडिशा प्रीमियर लीग में ओडिशा रेड की तरफ से खेलना जिले के लिए गौरव की बात है। आदर्श क्लब के महासचिव सह कोच संग्राम केसरी दास उर्फ राजा दास ने भी श्रीया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है । वहीं, राउरकेला से प्रंजल सिंह का भी ओपीएल में चयन हुआ है। प्रंजल को ओडिशा वॉलेट में जगह मिली है।