फंदे से लटकती मिली स्कैन स्टील कर्मचारी की लाश
राजगांगपुर थाना अंतर्गत साप्ताहिक बाजार के पास अंडर ग्राउंड रेस्टा
संवाद सूत्र, राजगांगपुर: राजगांगपुर थाना अंतर्गत साप्ताहिक बाजार के पास अंडर ग्राउंड रेस्टोरेंट के ऊपर बने एक गेस्ट हाउस में रहने वाले स्कैन स्टील प्लांट कर्मचारी लाश मंगलवार की सुबह फंदे से लटकी पायी गई। पुलिस ने लाश जब्त कर जांच शुरू कर दिया है। यह हत्या या आत्महत्या का मामला है। इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने पोस्टमाटर्म रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों का पता चलने की बात कही है।
कटक के मधुपाटना गांव निवासी 28 वर्षीय अखिलेश राउतराय स्कैन स्टील प्लांट में काम करता था। वह उक्त रेस्टोरेंट के ऊपर स्थित गेस्ट हाउस में अपने सात-आठ सहकर्मियों के साथ किराए पर रहता था। मंगलवार को सुबह नौ बजे उसके सहकर्मियों ने देखा कि वह अपने कमरे में नहीं है। तो वे उसे खोजने गेस्ट हाउस के ऊपर छत पर बने कमरे की तरफ गए। वहां उन्होंने अखिलेश को एक फंदे से लटकते देखा। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी स्कैन स्टील कंपनी प्रबंधन को दी। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी गोकुल कुमार साहु ने लाश अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दिया है।
इस बीच अखिलेश के सहकर्मियों का कहना है कि सोमवार को मृतक ए शिफ्ट ड्यूटी कर शाम को लौटा और रात में सबके साथ सोया था। सुबह साढ़े छह बजे छत पर गया और नौ बजे तक नहीं लौटा तो उसे तलाशते ऊपर जाकर देखा तो उसकी लाश एक रस्सी से लटक रही थी। लेकिन फंदा लगाने के बाद उसका पैर जमीन पर सटा होने से पुलिस हत्या का मामला होने की आशंका जता रही है।
अखिलेश ने एक फरवरी, 2018 को स्कैन स्टील में योगदान दिया था। वह शांत व सरल स्वभाव का था। ऐसे में उसकी हत्या या आत्महत्या को लेकर संदेह गहरा गया है। बहरहाल, पुलिस एक मामला दर्ज कर इसकी जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा।