फादर स्टेन स्वामी की रिहाई के लिए प्रदर्शन
आदिवासी प्रगति मंच की ओर से मंगलवार को आदिवासी सेवक फादर स्टेन स्वामी की रिहाई को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया गया।
संसू, राजगांगपुर : आदिवासी प्रगति मंच की ओर से मंगलवार को आदिवासी सेवक फादर स्टेन स्वामी की रिहाई को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया गया। राजगांगपुर इकाई के अध्यक्ष सुशील कुमार लकड़ा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मंच के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे। मंच की ओर से तहसीलदार रीना कुमारी नायक को मांगपत्र सौंपा गया है।
आदिवासी प्रगति मंच के अध्यक्ष सुशील कुमार लकड़ा ने कहा कि आदिवासी सेवक फादर स्टेन स्वामी को तुरंत रिहा किया जाए। स्टेन स्वामी को कुछ दिन पहले एनआइए द्वारा उनके निवास स्थान रांची से बिना वारंट के पकड़ कर ले जाया गया है। वह 83 वर्ष के हैं और पार्किंसन सहित अन्य बीमारी से पीड़ित हैं। वह अपने हाथ से कुछ भी पकड़ नहीं सकते है बीमार होने के कारण उनकी बार-बार चिकित्सा की आवश्यकता होती है। उनके कमजोर स्वास्थ्य और वृद्धावस्था को नजरअंदाज करते हुए एनआइए ने उन्हें बिना वारंट के गिरफ्तार किया है। स्टेन स्वामी एक सामाजिक कार्यकर्ता है। उन्होंने अपना जीवन समाज के उत्पीड़ित वर्ग के लिए लड़ते हुए समर्पित किया है। वह आदिवासियों और वनवासियों के सशक्तीकरण के लिए बड़े पैमाने पर काम करते हैं और कमजोर लोगों को विशेष रूप से आदिवासियों को उनके मूल मानव और संवैधानिक अधिकारों के बारे में जागरूक करते हैं। वह आदिवासियों के लिए एक अनुभवी नेता हैं और समाज के शोषित वर्ग के उत्थान के लिए काम करते है। सुशील ने कहा कि फादर स्टेन स्वामी को जल्द रिहा नही किया गया तो आने वाले दिनों मे पूरे देश में आंदोलन शुरू किया जाएगा। मंच के पास्कल मिज, अगुस्तुस एक्का, अशोक मिज, संगीता बार्ला, अभिनव, हेमनी मिज, प्रफुल्ल टोप्पो प्रमुख शामिल थे।