संस्कृति को बचाने व शिक्षित होने का लिया संकल्प
बंडामुंडा के बी सेक्टर स्थित बोगदा बस्ती के लोगों ने विश्व आदिवासी दिवस मनाते हुए अपनी संस्कृति को बचाने व शिक्षित होने का संकल्प लिया।
संसू, राउरकेला : बंडामुंडा के बी सेक्टर स्थित बोगदा बस्ती के लोगों ने विश्व आदिवासी दिवस मनाते हुए अपनी संस्कृति को बचाने व शिक्षित होने का संकल्प लिया। बस्ती स्थित सरना पूजा स्थल परिसर में हुए इस कार्यक्रम में समाज के स्वतंत्रता सेनानी सहित समाज सुधारकों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया। साथ ही पौधारोपण कर जल, जंगल, जमीन, जानवर के साथ मानव अस्तित्व की चर्चा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा समाज सेवी जोहन भेंगरा ने कहा कि आदिवासी संस्कृति विश्व की सर्वश्रेष्ठ संस्कृति है। समाज के लोगों की बोली, भाषा, परिधान, नृत्य में भिन्नता होते हुए भी संस्कृति एक है। आदिवासियों के लिए प्रकृति ही उनके आराध्य देव हैं। इस अवसर पर लोगों ने पौधारोपण कर प्रकृति की रक्षा का संदेश दिया। आकाश हेंब्रम, आयुष बांद्रा, दुर्गा हांसदा, बाहमनी मुर्मू, फूलकुमारी हेंब्रम, गोपी मुखी, बीएल बोदरा, लाल खंडाइत, राउत होनहागा, सुभाष हेंब्रम, बी वर्देस्वर राव, विकाश बोबोंगा प्रमुख की उपस्थिति में सर्वसम्मति से आदिवासियों के अस्तित्व, गरिमा और अधिकार बचाए रखने का संकल्प लिया गया।