15 नवंबर तक कोर्ट में काम बंद
पश्चिम ओडिशा में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की मांग को लेकर
संवाद सूत्र, राजगांगपुर : पश्चिम ओडिशा में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की मांग को लेकर राजगांगपुर वकील संघ कार्यालय में पश्चिम ओडिशा वकील संघ एक्शन कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जिसमें विभिन्न जिलों के वकील संघ के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर एक अक्टूबर से 15 नवंबर तक पश्चिम ओडिशा की सभी अदालतों में काम बंद रखने का निर्णय लिया।
बैठक का संचालन पूर्णचंद्र पाढी ने किया और हाईकोर्ट की बेंच की स्थापना को लेकर चर्चा की। इस मौके पर झारसुगुड़ा, बणई, देवगढ़, अताबिरा, सुंदरगढ़ ,राजगांगपुर वकील संघ के प्रतिनिधि उपस्थित थे। चार घंटे चली बैठक में एक अक्टूबर से 15 नवंबर तक पश्चिम ओडिशा के सभी कोर्ट में काम बंद रखने का निर्णय लिया गया। साथ ही बंद के दौरान अगर कोई जरूरी काम पड़ने पर उसका निर्णय बार के स्थानीय वकीलों पर छोड़ दिया गया। इस दिशा में सरकार द्वारा अब तक कोई कदम नहीं उठाए जाने पर वकीलों ने रोष जताया और सर्वसम्मति से काम बंद रखने का निर्णय लिया। इस दौरान वकील संघ सरकार से 15 अक्टूबर तक अध्यादेश जारी कर पश्चिम ओडिशा में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित कराने का प्रयास करेगा। इस बैठक में पश्चिम ओडिशा वकील संघ के संयोजक अशोक दास भी मौजूद थे। राजगांगपुर वकील संघ के महासचिव मनोज साहु ने सभी का आभार प्रकट किया।