थप्पड़ मारने पर बेटे ने मां को कुल्हाड़ी से काट डाला
ओरघाट गांव में सौतेली मां के थप्पड़ मारने पर गुस्साए बेटे ने मां की जान ले ली।
लहुणीपाड़ा, जेएनएन। सौतेली मां के थप्पड़ मारने पर गुस्साए कलियुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से काटकर अपनी मां की जान ले ली। वारदात राउरकेला से 80 किमी दूर कोइड़ा थाना अंतर्गत मालदा पंचायत ओरघाट गांव की है। शनिवार की रात मामूली सी बात पर मां-बेटे के बीच हुए विवाद का यह खूनी अंजाम सामने आया। जिसकी शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ओरघाट निवासी परशुराम मुंडा ने दो शादियां की थी। इनमें पहली पत्नी के तीन बच्चे व दूसरी पत्नी जेमा मुंडा के भी तीन बच्चे हैं। डेढ़ साल पहले परशुराम की मौत हो गई थी। जिसके बाद जेमा मुंडा हंडिया बेचकर परिवार का गुजारा चला रही थी। शनिवार की रात सौतेले बेटे के साथ जेमा की कहासुनी हो गई थी। पैसे को लेकर दोनों के बीच यह बहस अचानक हिसक रूप ले लिया। जिसके बाद जेमा ने बेटे को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए बेटे ने कुल्हाड़ी से कई बार हमला कर सौतेली मां को मार डाला। आरोपी की उम्र 15 साल बताई जा रही है। पुलिस उसे गिरफ्तार कर ली है तथा उसकी उम्र का पता लगाया जा रहा है। जेमा की मौत के बाद उसके बच्चे अनाथ हो गए हैं।