रायबोगा में तीन साल की मासूम से दुष्कर्म
सुंदरगढ़ जिले के रायबोगा थाना अंतर्गत गोपुर जंगल में एक युवक ने तीन
संवाद सूत्र, बीरमित्रपुर : सुंदरगढ़ जिले के रायबोगा थाना अंतर्गत गोपुर जंगल में एक युवक ने तीन साल की मासूम के साथ दुष्कर्म किया और रक्त रंजित हालत में उसे एक मैदान में छोड़कर फरार हो गया था। ग्रामीणों की मदद से उसे दबोच लिया गया है। वह दो साल पहले भी एक किशोरी से दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है। महीने भर पहले ही जमानत पर छूटा है। ग्रामीणों ने आरोपित को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए थाना घेराव किया। आरोपित रायबोगा थाना अंतर्गत बड़बहाल गाड़ा टोला निवासी जेर्नानूस डुंगडुंग का 21 वर्षीय पुत्र संजय डुंगडुंग है।
ग्रामीणों के अनुसार बुधवार की शाम को गोपुर गांव में हॉकी मैच चल रहा था। वहां अन्य बच्चों के साथ पीड़िता भी गई थी। संजय डुंगडुंग बिस्कुट खरीदने के बहाने पीड़िता को अपने साथ बाइक पर बैठाकर करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में ले गया और दुष्कर्म करने के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे मैदान में लाकर छोड़ने के बाद फरार हो गया। उस समय वहां कुछ लड़कियां थीं जिन्होंने संजय को बाइक से आते और पीड़िता को छोड़ते हुए देखा था। पीड़िता के कपड़े रक्तरंजित होने से उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। तत्काल इस संबंध में परिवार वालों को जानकारी दी गई। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। साथ ही पीड़िता का इलाज कराया गया। बाद में ग्रामीणों की मदद से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उसको फांसी की सजा दिलाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण गुरुवार को सुबह रायबोगा थाना पहुंचे और थाने का घेराव किया।
आरोपित संजय ने इससे पूर्व पिछले साल 6 फरवरी को एक किशोरी से दुष्कर्म किया था एवं बेहोशी की हालत में छोड़ कर फरार हो गया था। इस मामले में महीने भर पहले जमानत पर आने के बाद दूसरी बार इस तरह की घटना को अंजाम देने से ग्रामीणों में आक्रोश था। थाना अधिकारी विजय ¨सह ने ग्रामीणों से इस मामले में गवाही देने तथा साक्ष्य के आधार पर उसे कानून के अनुसार फांसी की सजा दिलाने का भरोसा दिया। मेडिकल जांच के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।