अपहरण कर नाबालिग से लिया सालभर तक नौकरानी का काम
अंचल की एक 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची का अपहरण कर उसे कोयलनगर के एक मकान में बंधुआ मजदूर के तौर पर काम कराए जाने का मामला सामने आया है।
संवाद सूत्र, बंडामुंडा : अंचल की एक 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची का अपहरण कर उसे कोयलनगर के एक मकान में बंधुआ मजदूर के तौर पर काम कराए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बंडामुंडा थाने में मामला दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को बताया गया है कि बच्ची बीते साल 19 फरवरी को बिस्कुट लेने के लिए घर के पास स्थित एक दुकान गई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था। बाद में उसे शहर के कोयलनगर स्थित एक मकान ले जाया गया। जहां पर उसे नौकरानी का काम कराया जा रहा था। काम नहीं करने पर उसे मारा पीटा जाता और खाना भी नहीं दिया जाता था। परिवार वाले कहीं जाते तो उसे घर में बंद कर बाहर से ताला लगा जाते थे। बीते शुक्रवार को भी परिवार वाले जमशेदपुर गए थे। उन लोगों ने उसे घर में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया था। लेकिन किसी तरह वह घर से निकल भागी। जिसके बाद वह राउरकेला स्थित अपने एक परिचित के घर पहुंची। उन्हें पूरी कहानी सुनायी। इसके बाद परिचित ने बच्ची को उसके घर पहुंचाने के बाद परिवार वालों ने थाना में शिकायत दर्ज करायी। जिस समय उसका अपहरण हुआ था। उस समय भी परिवार वालों ने थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस उनकी बेटी को खोज नहीं सकी थी। अब जब उनकी बेटी लौट आई तो परिवार वालों ने उसके अपहणकर्ता के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।