ढाई हजार कांवरिए सिमडेगा रवाना
झारखंड के सिमडेगा स्थित सलडेगा महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए
संवाद सूत्र, बीरमित्रपुर : झारखंड के सिमडेगा स्थित सलडेगा महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए ढाई हजार से अधिक कांवरियों का जत्था वेदव्यास त्रिवेणी संगम से कांवर लेकर रवाना हुआ। शनिवार की शाम को बीरमित्रपुर जगन्नाथ मंदिर में इनके लिए भोजन तथा विश्राम का प्रबंध किया गया था।
सिमडेगा कांवरिया संघ की अगुवाई में कांवरियों का जत्था शनिवार को वेदव्यास त्रिवेणी संगम से कांवर लेकर सिमडेगा के लिए रवाना हुआ था। शनिवार की शाम को जत्था के सदस्य पहुंचने लगे। राणी सती मंदिर के पास धनराज गोयल की ओर से इनके लिए नाश्ता एवं चिकित्सा प्रबंध किया गया था। रात साढ़े आठ बजे तक यहां ढाई हजार से अधिक कांवरिये पहुंच चुके थे। बीरमित्रपुर कांवरिया कमेटी व सिमडेगा कांवरिया कमेटी के प्रयास से यहां उनके लिए भोजन व भजन कीर्तन का प्रबंध किया गया था। रात्रि विश्राम के बाद कांवरिये सुबह साढ़े पांच बजे आगे के लिए रवाना हुए। तरगा में नाश्ता एवं जामपानी में दोपहर के भोजन का प्रबंध किया गया था। पांडरी पानी में रविवार की रात बिताने के बाद वे सुबह सिमडेगा के लिए रवाना होंगे। सिमडेगा के ढाई किलोमीटर दूर प्रख्यात सलडेगा मंदिर में ये जलाभिषेक करेंगे।