बीरमित्रपुर में एनएच पर गिरा बरगद, लगा जाम
तलसरा हनुमान मंदिर के पास शुक्रवार की दोपहर को एक विशालकाय बर
संवादसूत्र, बीरमित्रपुर : तलसरा हनुमान मंदिर के पास शुक्रवार की दोपहर को एक विशालकाय बरगद राष्ट्रीय राजपथ-143 पर गिर गया जिससे चार घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा। वन विभाग के 30 से अधिक कर्मी पेड़ काटने में जुटे एवं इसे हटाने के बाद आवागमन शुरू हुआ।
बीरमित्रपुर में तलसरा के पास पुराने विशालकाय बरगद के पेड़ की जड़ें बारिश के कारण ढीली पड़ गई थी। सुबह हवा चलने के कारण पेड़ कुछ झुक गया था। उसे काटने की तैयारी की जा रही थी कि शाम करीब साढ़े तीन बजे यह गिर गया एवं पूरा एनएच इससे ढक गया। इससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। रांची और राउरकेला से आने जाने वाली वाहनों को रोकना पड़ा जिससे लंबी कतार लग गई। गया, रांची व राउरकेला के बीच चलने वाली बसों को हाथी बाड़ी, कालोसीरिया के रास्ते लाया गया। सूचना मिलते ही रेंजर राजकिशोर पात्र टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पेड़ को काटने के साथ हटाने का काम शुरू किया। इसमें तीन घंटे से अधिक समय लगा। शाम साढ़े छह बजे के बाद एनएच पर आवागमन सामान्य हो सका। जाम लगने से लोगों को परेशानी हुई। दोपहिया वाहनों को किसी तरह रेल लाइन के किनारे से पार कराया गया।