सीमेंटनगरी में गणेशोत्सव की तैयारी जोरों पर
सीमेंटनगरी राजगांगपुर मुंबई की तर्ज पर गणेशोत्सव मनाने के लिए पूर
संवाद सूत्र, राजगांगपुर: सीमेंटनगरी राजगांगपुर मुंबई की तर्ज पर गणेशोत्सव मनाने के लिए पूरे ओडिशा में प्रसिद्ध है। जिसमें प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी यहां गणेशोत्सव मनाने की तैयारी जोरों पर है। पूजा कमेटियों की ओर से पंडाल बनाने का काम भी शुरू हो गया है। वहीं विघ्न विनाशक की मूर्ति बनाने वाले कारीगर भी मूर्तियां बनाने के काम में जुट गए हैं। जिसमें आगामी 13 सितंबर से शहर में गणेशोत्सव की धूम शुरू होगी।
राउरकेला में जिस प्रकार बड़े पैमाने पर दुर्गा पूजा का आयोजन होता है। उसी प्रकार सीमेंटनगरी राजगांगपुर में गणेशोत्सव की धूम होती है। यहां छोटी-बड़ी पूजा कमेटियों को मिलाकर करीब 100 पूजा कमेटियों की ओर से गणेशोत्सव मनाया जाता है। इस उत्सव में शहर की सुंदरता देखते ही बनती है। जिसमें पूरे शहर को दुल्हन की भांति सजाया जाता है। वहीं नौ दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में व्यंजन रूपी प्रसाद का भी अपना आकर्षण रहता है। जिसमें अलग-अलग पूजा कमेटियों द्वारा भगवान लंबोदर को इडली, दोसा, चाउमिन-मंचूरियन, लड्डू, पेड़े, इमरती, जलेबी समेत अन्य व्यंजन का भोग चढ़ाने के बाद भक्तों में इसका वितरण किया जाता है। इस वर्ष भी गणेशोत्सव को लेकर पंडाल बनाने से लेकर भगवान लंबोदर की प्रतिमा निर्माण के कार्य में कारीगर जुटे हैं।