बंडामुंडा में बहू को जला कर मार दिया
स्थानीय कोयला गेट निवासी राधा कुमारी नामक महिला को जलाकर मारने का आरोप लगाते हुए बंडामुंडा थाना में मामला दर्ज कराया गया है।
संवाद सूत्र, बंडामुंडा : स्थानीय कोयला गेट निवासी राधा कुमारी नामक महिला को जलाकर मारने का आरोप लगाते हुए बंडामुंडा थाना में मामला दर्ज कराया गया है। बंडामुंडा पुलिस मृतका के पति विनोद सिहं, ससुर रामकीर्ति सिंह, सास मुन्नी देवी एवं जेठ जयमंगल सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
राउरकेला के गोपोबंधुपाली निवासी व राधा कुमारी के पिता शिव कुमार सोनकर ने पुलिस को बताया है कि उनकी पुत्री का विवाह बंडामुंडा के कोयला गेट बस्ती में रहने वाले विनोद सिंह के साथ हुआ था। शादी के बाद उनके दो बेटियां होने के बाद से राधा को ससुराल के लोगों द्वारा प्रताड़ित किया जाने लगा। राधा को मारा पीटा जाता था। पिता से और दहेज लाने की मांग की जा रही थी। इसी बीच राधा फिर बच्चे को जन्म देने वाली थी। ससुराल पक्ष के लोगों ने अल्ट्रासाउंड के जरिये पता लगाया कि गर्भ में लड़की है। जिसके बाद ससुराल के लोगों ने उसे और प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। साथ ही उस पर मायके की जायदाद में हिस्सा मांगने के लिए दबाव बनाया। शिव कुमार ने राधा के ससुरालवालों पर बेटी को जलाकर मारने का आरोप लगाते हुए सख्य कार्रवाई की मांग की है। इधर, राधा के ससुराल वालों ने पुलिस को बताया कि विगत एक फरवरी की रात को अलाव तापते समय राधा आग की चपेट में आने से झुलस गई थी। उसे राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। राधा के पिता गलत आरोप लगा रहे हैं।