आयुष मंत्रालय के फरमान के खिलाफ सड़क पर राजगांगपुर के डाक्टर
आइएमए राजगांगपुर शाखा के अध्यक्ष डा. दलविदर भंगू के नेतृत्व में शहर के डाक्टरों सहित स्वास्थ्य कर्मियों ने आयुष मंत्रालय द्वारा नया कानून पास किए जाने के विरोध में सुभाष चौक में प्रदर्शन किया।
संवाद सूत्र, राजगांगपुर : आइएमए राजगांगपुर शाखा के अध्यक्ष डा. दलविदर भंगू के नेतृत्व में शहर के डाक्टरों सहित स्वास्थ्य कर्मियों ने आयुष मंत्रालय द्वारा नया कानून पास किए जाने के विरोध में सुभाष चौक में प्रदर्शन किया। आयुष मंत्रालय के नए निर्देशानुसार अब कोई भी डॉक्टर चाहे वह आयुर्वेदिक हो, होमियोपैथी चिकित्सक हो या फिर यूनानी चिकित्सक वह मंत्रालय द्वारा निर्देशित संस्थान में 2 से 3 वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त कर (साधारण झोला छाप जैसे नीम हकीम भी एमबीबीएस डाक्टर की तरह) आपरेशन कर सकेंगे। इस नए कानून को लेकर डाक्टरों में रोष देखा जा रहा है।
देशभर के डॉक्टर आइएमए के बैनर तले इस कानून का विरोध कर रहे हैं। डाक्टरों ने सरकार के इस फैसले को घातक बताते हुए चिकित्सा सेवा के साथ खिलवाड़ बताया है। उनका कहना है कि मुश्किल पढ़ाई पढ़ने के बाद एमबीबीएस की डिग्री हासिल होती है। दस वर्षो तक का अनुभव नही होने तक किसी को सर्जरी या आपरेशन करने की अनुमति नहीं मिलती है। परंतु इस नए कानून के आने से मरीजों का जीवन संकट में पड़ सकता है। इस लिए शहर के डाक्टरों ने आयुष मंत्रालय के नए कानून का विरोध करते हुए इसे रद करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर उनके मांगो ंकी अनदेखी की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।
डाक्टर जयदेव दास, डाक्टर यूसी गुरु, डा. हरे कृष्णा पंडा सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी प्रदर्शन में शामिल थे।
लेफ्रिपाड़ा में आशाकर्मियों को बच्चों को घरों में रखने का दिया जा रहा प्रशिक्षण : लेफ्रिपाड़ा पंचायत कार्यालय में जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से आशा कर्मियों को पोषण अभियान के तहत बच्चों को घरों में रखने का प्रशिक्षण दिया गया। सर्गीपाली सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र के अध्यक्ष डा. जगदीश देहुरी ने इस शिविर का उद्घाटन करने के साथ प्रशिक्षण के संबंध में आशा कर्मियों को जानकारी दी। चार दिवसीय इस शिविर में डुमाबाहाल, सुर्गुडा, बईलमा, सुआरजोर सब सेंटर के अधीन 14 आशा कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मी गोपीनाथ पंडा एवं परिदर्शिका मार्था प्रशिक्षण प्रदान कर रही है।