राजगांगपुर थाना हाजत में युवक की मौत
राजगांगपुर थाना के हाजत में बुधवार की रात कुटनिया सोना खान इलाक
संवाद सूत्र, राजगांगपुर : राजगांगपुर थाना के हाजत में बुधवार की रात कुटनिया सोना खान इलाका निवासी 34 वर्षीय जयकुमार लकड़ा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस उसे बैंक में रुपये जमा कराने के बहाने हेराफेरी करने के आरोप में हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। हिरासत में युवक की मौत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस बीच परिवार के लोगों ने युवक की हत्या की आशंका जता कर घटना की जांच तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और मुआवजे की मांग की है। वहीं शहर में तनाव के मद्देनजर सतर्कता बढ़ा दी गई है और पूरे शहर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
कुटनिया पंचायत के सोनाखना स्थित रायकागछर गांव का निवासी जयकुमार लकड़ा ने अपने गाव में तीन साल से एक जनसेवा केंद्र खोल रखा था। जिसके जरिए बैंक के खाते खोलने और पैसों का लेन देन करने आदि का काम होता था। इसी क्रम में उस पर लोगों से पैसे लेकर बैंक में जमा न करने और हड़प जाने का आरोप लगा। पता चलने पर लोग काफी नाराज हुए। वह लोगों को पैसा मिल जाने का आश्वासन देता रहा। इसी बीच वह अचानक लापता हो गया। तो लोग उसकी तलाश करने लगे। वह पकड़े जाने के डर से छिपता फिर रहा था। चार दिन पूर्व गांव के कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई करके पुलिस को सौंप दिया। उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज कराया गया था। इसी सिलसिले में पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी।
पुलिस के अनुसार बुधवार की रात जयकुमार ने थाना हाजत में अपने जैकेट में लगी नायलान की रस्सी निकालकर उसका फंदा बनाकर शौचालय में आत्महत्या कर ली। पुलिसकर्मी उसे फंदे से लटकता देखकर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जयकुमार की लाश राजगांगपुर सरकारी अस्पताल में रखी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उसने आत्महत्या कर ली या मौत की कोई और वजह थी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव कायम हो गया है। हालात पर काबू पाने के लिए शहर में दस प्लाटून पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थिति पर नजर रखने के लिए खुद एसपी सौम्या मिश्रा राजगांगपुर पहुंच गई हैं।