सरकारी अस्पताल से लापता प्रौढ़ की लाश बरामद
सुंदरगढ जिला मुख्य चिकित्सालय से लापता प्रौढ़ की लाश रविवार की सुबह
संवाद सूत्र, सुंदरगढ़: सुंदरगढ जिला मुख्य चिकित्सालय से लापता प्रौढ़ की लाश रविवार की सुबह बरामद कर ली गई। पुलिस ने मृतक का शव जब्त कर मामले की जांच कर दी है। लेकिन इस प्रौढ़ की मृत्यु कैसी हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमाटर्म रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल पाएगा।
सुंदरगढ़ जिले के लेफ्रीपाड़ा थाना अंतर्गत कोलाबिरा गांव का 55 वर्षीय नेत्रानंद सा तीन दिन पूर्व किसी काम से सुंदरगढ़ आया था। बस स्टैंड के पास चक्कर आ जाने से वह गिर पड़ा था। जिसके बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए जिला मुख्य चिकित्सालय में भर्ती कराया था। शनिवार की रात नौ बजे वह अस्पताल से लापता हो गया था। उसके परिजनों ने काफी खोजबीन की पर कुछ पता नहीं चला। रविवार को उसकी लाश स्थानीय बीएस हाईस्कूल के पीछे पाई गई। मृतक के शरीर पर केवल एक अंडरवियर था तथा उसके शरीर पर चोट के निशान भी हैं। इसकी सूचना मिलने पर टाउन पुलिस ने पहुंचकर लाश जब्त कर मामले की जांच शुरू की।