जगमग रहा राजगांगपुर, घर-घर दीपोत्सव
बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन के पावन अवसर पर घोघड़धाम के नाम से मशहूर राजगांगपुर शहर में मंदिर व घरों में सुबह से ही श्रीराम जन्म भूमि पूजन उत्सव मनाया गया।
संसू, राजगांगपुर : बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन के पावन अवसर पर घोघड़धाम के नाम से मशहूर राजगांगपुर शहर में मंदिर व घरों में सुबह से ही श्रीराम जन्म भूमि पूजन उत्सव मनाया गया। शहर के मंदिरों की साज-सज्जा के साथ सुबह से ही पूजा अर्चना करते शहरवासी नजर आए। कई जगहों पर दोपहर 12:15 बजे दीप जलाए जाने के साथ आतिशबाजी कर सभी ने अपनी आस्था व खुशी का इजहार किया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शहर के वार्डो में दीप प्रज्वलन के साथ प्रसाद का वितरण किया गया। संध्या के समय पूरा शहर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और श्रीराम के जयघोष के साथ आतिशबाजी से दीपोत्सव जैसा नजारा दिखा। बाबा तालाब स्थित हनुमान मंदिर में टाउन भाजपा के अध्यक्ष शंकर सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने 1008 दीप प्रज्वलित कर आतिशबाजी करते हुए जय श्री राम का जयघोष कर अपनी खुशी जाहिर की। बंटूपाडा स्थित हनुमान मंदिर में रामायण पाठ व शाम को दीप प्रज्वलित कर प्रसाद वितरण किया गया। बगीचा पाड़ा हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना के साथ दीये जलाकर जय श्री राम दर्शाया गया। बाजपेयी चौक पर भी श्री राम भक्तों ने ढ़ोल नगाड़े बजाकर खुशी का इजहार किया। इसके अलावा लोगों ने घर व मंदिरों में रंगोली बनाकर अयोध्या में श्रीराम मंदिर भूमिपूजन उत्सव मनाया। नरसिंह मिज, उपेंद्र प्रधान, सरबानी लहरी, शशिरेखा सामल, श्रीधर स्वाई, आनंद साह, सुभद्रा राउत, सुमित्रा आचार्य, चंदना राऊत, बिनोद दास, रामशंकर, उपेन्द्र यादव, दिलीप साहू प्रमुख सक्रिय रहे।