सास-ससुर को घोंपा चाकू, गिरफ्तार
भस्मा थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह के चलते दामाद ने सास-ससुर पर चाकू से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
संवाद सूत्र, सुंदरगढ़ : भस्मा थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह के चलते दामाद ने सास-ससुर पर चाकू से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने आरोपित दामाद को गिरफ्तार कर घटना की जांच जारी रखी है। किजिरमा निवासी अशोक नायक ने तेंतुलीढीपा, बिलाईगढ़ निवासी रश्मिता से 2002 में विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं। बाद में दोनों में कलह होने से रश्मिता पति से अलग होकर अपने मायके में रहने लगी। अशोक बीच-बीच में अपनी पत्नी से मिलने आया करता था लेकिन रश्मिता के घरवाले अशोक का विरोध करते थे। शनिवार को भी अशोक बिलाईगढ़ अपनी पत्नी से मिलने पहुंचा था। रश्मिता की मां पद्मावती पटेल ने इसका विरोध किया। इसपर गुस्से में अशोक ने अपनी सास पर चाकू से हमला कर दिया। ससुर त्रिलोचन पटेल (61) ने बीच बचाव किया तो अशोक ने उन पर भी चाकू से वार कर दिया और फरार हो गया। रश्मिता ने भस्मा पुलिस को घटना की सूचना दी तथा अपने माता पिता को सुंदरगढ़ जिला मुख्य चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां पद्मावती की हालत गंभीर होने से उन्हें बुर्ला मेडिकल स्थानांतरित किया गया है।