नोएडा में बेवफाई का शिकार युवती ने मृत बच्चे को दिया जन्म
देश की राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में दुष्कर्म और बेवफाई का शिकार होने के बाद वापस अपने गांव लौटी गर्भवती युवती ने खुदकशी करने की कोशिश में बुर्ला अस्पताल पहुंच गई।
संवाद सूत्र, संबलपुर : देश की राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में दुष्कर्म और बेवफाई का शिकार होने के बाद वापस अपने गांव लौटी गर्भवती युवती ने खुदकशी करने की कोशिश में बुर्ला अस्पताल पहुंच गई। यहां उसने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। बच्चा करीब छह महीने का बताया जा रहा है।
जिला के किसिडा थाना क्षेत्र की एक युवती करीब दो वर्ष पहले काम की खातिर दिल्ली गई थी। उसे नोएडा में रहने वाले एक परिवार में काम मिला। इसी दौरान युवती की जान पहचान पड़ोस में रहने वाले एक युवक से हो गयी। उस युवक ने युवती को विवाह करने का झांसा देकर शारीरिक संबंध रखा। युवती जब गर्भ से हो गयी और इसका पता उसके मालिक के परिवार को चला तब उन्होंने युवती को काम से निकाल दिया। पांच महीने का गर्भ लेकर युवती वापस अपने गांव लौट आई। गांव लौटने के बाद उसे लोकलाज का भय सताने लगा। इससे बचने के लिए उसने विगत 13 जनवरी को जहर खाकर खुदकशी करने की कोशिश की। इसका पता चलने के बाद परिवार वाले उसे इलाज के लिए बुर्ला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने एक मरे बच्चे को जन्म दिया।