महानदी में डूबने से युवक की मौत, चार साथी बचे
महानदी किनारे स्थानीय नेल्सन मंडेला चौक के निकट निर्मित महानदी द्वितीय सेतु हादसों का सेतु बनता जा रहा है।
संवादसूत्र, संबलपुर : महानदी किनारे स्थानीय नेल्सन मंडेला चौक के निकट निर्मित महानदी द्वितीय सेतु हादसों का सेतु बनता जा रहा है। निर्माण से लेकर अबतक घटित हादसों में आधा दर्जन लोगों की मौत पानी में डूबने और वज्रपात से हो चुकी है। रविवार की शाम भी सेतु के नीचे प्रवाहित महानदी में नहाते समय हीराकुद के सुभाष दलेई की डूब जाने से मौत हो गयी, जबकि उसके चार साथी बच गए। सोमवार को टाउन पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवारवालों को सौंप दिया।
उपनगर हीराकुद के हिडाल्को कॉलोनी निवासी किशोरचंद्र दलेई का 25 वर्षीय पुत्र सुभाष धनकौड़ा इलाके में रहने वाले अपने एक दोस्त के घर आयोजित जन्मदिन पार्टी में शामिल होने आया था। पार्टी के बाद शाम को सुभाष और धनकौड़ा के चार साथी दो बाइक में सवार होकर महानदी द्वितीय सेतु पार कर चाउंरपुर की ओर गए थे और नहाने के लिए महानदी में उतरे थे। महानदी में पानी कम होने के बावजूद सुभाष पानी के तेज बहाव में बह गया और उसके साथी उसे बचा नहीं सके। साथियों ने सुभाष के बह जाने के बारे में टाउन पुलिस और दमकल को सूचित किया। पुलिस और दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और सुभाष की तलाश शुरू की। सुभाष पानी में बहकर झाड़ियों में फंस गया था। रात करीब आठ बजे दमकलकर्मियों ने सुभाष को झाड़ियों से निकालकर सदर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष पहली फरवरी को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस द्वितीय सेतु का उद्घाटन किया था। संबलपुर में यातयात का दबाव कम करने के लिए इस सेतु का निर्माण कराया गया है, जो अब युवक-युवतियों का बड़ा अड्डा बनता जा रहा है। दिनभर मे जितने वाहन सेतु से होकर नहीं गुजरते उससे अधिक लोग शाम के समय सेतु पर अड्डा जमाये बैठे रहते हैं। इसकी शिकायत जिलाधीश और पुलिस अधीक्षक से किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।