बिजली बिल वसूली विवाद का हुआ समाधान
स्थानीय गरपोष अंचल के पांच पंचायतों में बकाया बिल वसूली को लेकर उत्पन्न विवाद का पटाक्षेप हो गया है।
संवाद सूत्र, बामड़ा: स्थानीय गरपोष अंचल के पांच पंचायतों में बकाया बिल वसूली को लेकर उत्पन्न विवाद का समाधान हो गया है। इसे लेकर गरपोष वरिष्ठ नागरिक संघ ने शुक्रवार को बैठक बुलायी थी। सरोज कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कुचिडा विधायक रविनारायण नायक, जिला परिषद सदस्य कुमुदिनी नायक, वेस्को के कार्यकारी अभियंता डी. गर्तिया, एसडीपीओ राजकिशोर मिश्र, गोविदपुर थाना अधिकारी प्रताप कुमार राणा, गरपोष पुलिस चौकी प्रभारी दुबराज प्रधान की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बात रखी। ग्रामीणों ने वेस्को कर्मचारियों पर उपभोक्ताओं से बदसलूकी करने, पैसा उगाही, मनमानी तरीके से कनेक्शन काटने का आरोप लगाया। इस पर वेस्को के प्रतिनिधियों ने अपना पक्ष रखते हुए प्राइवेट एजेंसी द्वारा बिजली वसूली न करने, बकाया बिल का भुगतान 20 फीसद किश्त में करने का फैसला लिया गया। साथ ही वेस्को की ओर से आश्वस्त किया गया कि आगे से कैंप लगाकर बिजली बिल वसूला जाएगा। साथ ही गरपोष ग्रिड के लिए महीने भर में एक जेई की नियुक्त करने का वेस्को की ओर भरोसा दिया गया। उल्लेखनी है कि विगत 24 मार्च को ग्रामीणों ने ज्यादा बिल वसूली करने का आरोप लगाते हुए वेस्को कर्मचारियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था। इसके बाद बामड़ा के जेई आलोक सिंह ने गरपोष के पप्पू दलानिया व आनंद दलानिया के खिलाफ थाना में मामला दर्ज कराया था।
बैठक में वीरू सिंह, सुनील अग्रवाल, जयनारायण पटेल, पप्पू दलानिया, सुभाष गुप्ता समेत बड़ी संख्या में गणमान्य शामिल थे।