चुनाव जीतने के लिए सटीक रणनीति अहम
आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा की कवायद शुरू हो गई है। इन चुनावों में जीत की खातिर कार्यकर्ताओं को सक्रिय और संगठित किया जा रहा है।
संसू, संबलपुर : आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा की कवायद शुरू हो गई है। इन चुनावों में सफलता हासिल करने की खातिर कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय और संगठित किया जा रहा है। इसी सिलसिले में रविवार को संबलपुर में भाजपा की ओर से लोकसभा क्षेत्र स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित रहा जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अनिल जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के जरूरी टिप्स दिए।
जिला प्रेक्षालय, तपस्विनी में आयोजित इस सम्मेलन में डॉ. जैन ने चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए सटीक रणनीति और संकल्प को अहम बताया। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर सफलता के शीर्ष पर पहुंचने का आह्वान किया। इसके लिए उन्होंने दलीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर सफलता प्राप्त करने की सलाह दी।
जिला अध्यक्ष रामचंद्र मेहेर की अध्यक्षता में हुए इस सम्मेलन में राष्ट्रीय सचिव सुरेश पुजारी, प्रांतीय सह संगठन सचिव अमिताभ चक्रवर्ती, प्रदेश अध्यक्ष बसंत पंडा, कु¨चडा विधायक रविनारायण नायक, संबलपुर जिला परिषद अध्यक्ष राधेश्याम बारिक, देवगढ़ जिला परिषद अध्यक्ष सुधामयी पटेल, अनुगुल जिला भाजपा अध्यक्ष भागीरथ प्रधान, देवगढ़ जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणा प्रधान मंचस्थ रहे। बताया गया कि ओडिशा के विभिन्न लोकसभा क्षेत्र के लिए विशिष्ट नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अनिल जैन को संबलपुर समेत बरगढ़, बलांगीर और कालाहांडी लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। इस सम्मेलन में, संबलपुर लोकसभा क्षेत्र अधीनस्थ संबलपुर, देवगढ़ और अनुगुल जिला के सात विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।