राहुल के दौरे को विफल करने की रची जा रही है साजिश
कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी के 25 जनवरी के ओडिशा दौरे से पहले पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मस्तान वली ने बड़ा दावा किया है।
संबलपुर, जेएनएन। कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी के 25 जनवरी के ओडिशा दौरे से पहले पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मस्तान वली ने बड़ा दावा किया है। कहा है कि छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान की तरह ओडिशा में भी कांग्रेस को आगामी आम चुनाव में बड़ी सफलता मिलेगी और यहां कांग्रेस की सरकार बनेगी। राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाने की खातिर बरगढ़ और सोनपुर जिले का दौरा कर संबलपुर पहुंचे मस्तान ने बताया कि राज्य में बीते 18 वर्षों से बीजू जनता दल की सरकार सत्ता में है और कथित विकास का दावा कर रही है, जबकि सच्चाई कुछ अलग है।
बीजद ने ओडिशा को पिछड़े राज्यों की सूची में लाकर खड़ा कर दिया है। मस्तान ने बीजद और भाजपा के बीच आपसी सांठगांठ का भी आरोप लगाया। कहा कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक दिखावे की खातिर ओडिशा में भाजपा का विरोध करते हैं, जबकि दिल्ली में मोदी सरकार का समर्थन करते हैं। राजनीति में राहुल के बढ़ते प्रभाव को देख नवीन भी विचलित होने लगे हैं और इसी वजह से राहुल के दौरे को विफल बनाने की साजिश की जा रही है।
कांग्रेस को किराये पर बस नहीं दिए जाने को धमकी मालिकों की दी जा रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह सलूजा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बरगढ़ दौरे के दौरान किसानों से कई वादे किए थे जो अबतक पूरा नहीं हुआ है, जबकि हाल ही में तीन प्रदेशों में बनी कांग्रेस की सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। ओडिशा में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों को वैसे ही राहत दी जाएगी।
जिला अध्यक्ष अश्विनी गुरु ने आगामी चुनाव में हाईकोर्ट की स्थायी खंडपीठ, निर्माणाधीन फ्लाईओवर से होने वाली समस्या और बिजली कटौती को चुनावी मुद्दा बनाने की बात कही। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आसफ अली खान, सुधीर पंडा, निरंजन त्रिपाठी, बिजय भुइयां, आशुतोष स्वाई, आदित्य नाथ, जयराम बणिया, सुतापा मित्र, असगर अली, मनोरंजन दास उपस्थित रहे।