आरडीसी दफ्तर के सामने गरजे तेंदूपत्ता कर्मचारी
कर्मचारियों के बच्चों की छात्रवृति रद किए जाने के निर्णय सहित 11 सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को ओडिशा तेंदूपत्ता कर्मचारी संघ ने आरडीसी कार्यालय के समक्ष प्रदशन किया।
संसू, संबलपुर : कर्मचारियों के बच्चों की छात्रवृति रद किए जाने के निर्णय सहित 11 सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को ओडिशा तेंदूपत्ता कर्मचारी संघ, संबलपुर की ओर से उत्तरांचल राजस्व आयुक्त (आरडीसी) कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया गया। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष विजय महांती के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में गोकुल मेहेर, संजीत महांती, किशोर प्रधान, क्षेत्रचरण बारिक, मोहम्मद मुर्तजा, योग बिहारी परिडा, कोकिला साहू, दीनबंधु बेहरा और विश्वनाथ स्वाईं रैली के बाद आयोजित सभा में उपस्थित रहकर सरकार को जमकर कोसा। संघ के नेताओं ने कहा कि बीते वर्ष तक छात्रवृति पाने वाले तेंदूपत्ता कर्मचारियों के बच्चों को डीएफओ के नए निर्देश की वजह से छात्रवृति से वंचित होना पड़ सकता है। इससे 35-40 हजार अजा-अजजा छात्र- छात्रा प्रभावित होंगे। इसी तरह पुराने नियमों में त्रुटिपूर्ण बदलाव से तेंदूपत्ता पेशे से जुड़े कर्मचारियों का वेतन निर्धारित किया गया है। इससे भी सीजनल कर्मचारी प्रभावित होंगे। संघ ने नए निर्देश में संशोधन और नए वेतनमान की घोषणा, श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा, बोनस, ईपीएफ, पेंशन, सीजनल कर्मचारियों की बाइक के लिए पेट्रोल आदि की व्यवस्था किए जाने की मांग की है। इससे पूर्व जेल चौक से निकाली गई रैली में संबलपुर तेंदुपत्ता के डिवीजन के विभिन्न स्थानों से आए सैकड़ों महिला पुरुष श्रमिक और कर्मचारी शामिल हुए।