बरगढ़ में हाथी के हमले में एक की मौत
पश्चिम ओडिशा के बरगढ़ जिले के डुडुकीझरिया गांव में हाथी के हमल
संवाद सूत्र, संबलपुर : पश्चिम ओडिशा के बरगढ़ जिले के डुडुकीझरिया गांव में हाथी के हमले में एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान चक्रधर बरिहा के रूप में हुई है। इसकी सूचना मिलने के बाद पाइकमाल रेंजर ध्रुवचरण बेहरा ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
डुडुकीझरिया गांव का 60 वर्षीय चक्रधर बरिहा पिछले कई वर्ष से प्रसिद्ध गंधमार्दन पर्वत के मर्यादापाली जंगल में एक झोंपड़ी बनाकर रहता था। पेट पालने के लिए गीत गाकर भीख मांगा करता था। वह गीतों में के माध्यम से जंगल तथा पर्यावरण की सुरक्षा का संदेश भी देता था।
शुक्रवार की रात जब चक्रधर अपनी झोंपड़ी में सो रहा था। तभी किसी दंतैल हाथी ने उसे सूंड़ से खींचकर बाहर निकाला तथा थोड़ी दूर ले जाकर अपने पैरों से कुचल डाला। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। शनिवार की सुबह जब जंगल के रास्ते गुजरते लोगों ने चक्रधर का शव देखकर वन विभाग को सूचित किया। सरपंच जयंत पुढा, पंचायत कार्यकारी अधिकारी सानंद मेहेर, जिला परिषद सदस्य विश्वनाथ दाश, पाइकमाल ब्लाक अध्यक्ष अलताफ मोहम्मद वहां पहुंचे। वन विभाग की ओर से मृत चक्रधर के भाई पूणर्चंद्र बरिहा को अंतिम संस्कार के लिये सहायता राशि प्रदान की गई।