मां समलेश्वरी मंदिर के विकास के लिए पर्यटन विभाग को 2 करोड़ रुपए
पश्चिम ओडिशा की आराध्य देवी मां समलेश्वरी मंदिर (Maa Samaleshwari temple Sambalpur) के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए सीएम पटनायक ने जो घोषणा की थी वो जल्द ही साकार होने जा रही है। अब मंदिर का संप्रसारण किया जाएगा।
संबलपुर, जागरण संवाददाता। पश्चिम ओडिशा की आराध्य देवी मां समलेश्वरी को समर्पित संबलपुर स्थित मां समलेश्वरी मंदिर के विकास और सौंदयीकरण के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की घोषणा अब साकार होने जा रही है। राज्य सरकार ने इसके लिए पर्यटन विभाग को दो करोड़ रुपए दिए हैं।इन रुपयों से मंदिर के यात्री निवास समेत भोग मंडप का संप्रसारण किया जाएगा।
गौरतलब है कि इसी वर्ष 21 जनवरी के दिन मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अपने दौरे के दौरान मां समलेश्वरी का दर्शन करने समेत इस मंदिर का विकास और सौंदयीकरण की घोषणा की थी। उन्होंने
बताया था कि ओडिशा के प्रसिद्ध मंदिरों और पर्यटन स्थलों में से मां समलेश्वरी का मंदिर भी एक है। ओडिशा समेत पडोसी छत्तीसगढ़ और झारखंड से भी मां के भक्त दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर का संप्रसारण किया जाएगा। इसी के तहत मंदिर के यात्री निवास में दो शयन कक्ष समेत 50 कक्ष और 500 भक्तों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
2019 में आये थे 4,63,557 पर्यटक
पर्यटन विभाग के अनुसार, सोलहवीं शताब्दी के इस मंदिर को देखने और मां समलेश्वरी की महिमा को जान वर्ष 2019 में 4 लाख 63 हजार 557 पर्यटक संबलपुर आए थे। इनमें से 981 विदेशी पर्यटक भी थे। यह संख्या होटलों में रहने वाले पर्यटकों की है, जबकि यह संख्या इससे अधिक है। महानदी तट पर स्थित इस मंदिर किनारे की रिंग रोड का भी संप्रसारण किया गया है और महानदी का नज़ारा देखने के लिए व्यू पॉइंट भी बनाया गया है। मंदिर में नुंआखाई, महालय और दशहरा के दौरान विशेष पूजा अर्चना होती है। चलित वर्ष कोरोना काल में मंदिर के कपाट अबतक भक्तों के लिए बंद हैं। बावजूद इसके अनलॉक के बाद से भक्त यहां आते रहे हैं और मंदिर के बाहर ही माथा टेककर जाते हैं।