महाराष्ट्र पुलिस के कब्जे में हत्या और लूटमार का आरोपित
महाराष्ट्र के जालना जिला में विगत पहली मार्च को घटित हत्या और लूटमार के मुख्य आरोपित सिपुन बेहरा को महाराष्ट्र पुलिस ने संबलपुर के ठेलकुली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
संवाद सूत्र, संबलपुर: महाराष्ट्र के जालना जिला में विगत पहली मार्च को घटित हत्या और लूटमार के मुख्य आरोपित सिपुन बेहरा को महाराष्ट्र पुलिस ने संबलपुर के ठेलकुली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। सोमवार की शाम आरोपित सिपुन को स्थानीय अदालत में हाजिर कर ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ जालना ले गई। आरोपित सिपुन अनुगुल जिला के किशोरनगर थाना अंतर्गत सानजामुडा गांव का निवासी बताया गया है।
विगत एक मार्च की आधी रात, महाराष्ट्र के नागपुर-पुणे राजमार्ग पर स्थित जालना जिला के खडगांव के निकट ट्रक चालक सिपुन बेहरा और साथियों ने मिलकर अन्य एक ट्रक चालक अजीमुद्दीन शेख की हत्या कर उसकी लाश को दफना दिया था और पाइप लदा ट्रक, मोबाइल और रुपये लूटकर फरार हो गए। अगले दिन जालना पुलिस को इस घटना के बारे में पता चल गया और हत्यारों की तलाश शुरू कर दी गयी। विगत 6 मार्च को जालना पुलिस ने घटना में संलिप्त रंजन प्रधान और रिकू को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से लूटा गया ट्रक और अजीमुद्दीन का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया। अपने साथियों की गिरफ्तारी की खबर के बाद सिपुन महाराष्ट्र से फरार होकर संबलपुर आ गया और ठेलकुली इलाके में छिपा हुआ था। जालना पुलिस को सिपुन के बारे में पता चलने के बाद संबलपुर आई और ठेलकुली पुलिस की सहायता से सोमवार को उसे गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र ले गई।