महानदी सुरक्षा नाम पर आंदोलन दिखावा : बसपा
संसू, संबलपुर : छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महानदी पर जहां-तहां बैराज-बांध बनाए जाने को लेकर ओडिशा में शु
संसू, संबलपुर : छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महानदी पर जहां-तहां बैराज-बांध बनाए जाने को लेकर ओडिशा में शुरू आंदोलन और राजनीति को बहुजन समाज पार्टी ने महज दिखावा बताया है। शुक्रवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष निहाल सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस मुद्दे पर प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच खुली वार्ता होनी चाहिए ताकि ओडिशावासियों को यह पता चल सके के पिछले कई वर्षों से इन राजनीतिक दलों ने महानदी की सुरक्षा और इसके जल को प्रदूषित होने से बचाने के लिए क्या किया। सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 19 वर्ष और बीजद 20 वर्ष से सत्ता में रही लेकिन इस दौरान किसी भी पार्टी ने महानदी की सुरक्षा तो दूर इसके प्रदूषित हो रहे जल को लेकर कुछ नहीं किया। हालात यह है कि महानदी पर निर्मित हीराकुद बांध का जलभंडार और इस जलभंडार से महानदी में प्रवाहित जल उपयोग करने लायक नहीं रह गया है। महानदी सुरक्षा के नाम पर कांग्रेस और बीजद आंदोलन कर रहे हैं। महानदी सुरक्षा समिति के नाम पर कांग्रेस अपनी राजनीति कर रही है जबकि बीजद महानदी सुरक्षा अभियान के नाम पर ओडिशावासियों को झांसा दे रहा है। भाजपा इस मुद्दे पर छग सरकार का समर्थन कर ओडिशा सरकार को जिम्मेदार बताने पर तुली है। ऐसे में इन तीनों राजनीतिक दलों के बीच महानदी के मुद्दे पर खुली बहस की जरूरत है। ओडिशा की जीवन रेखा महानदी से पश्चिम ओडिशा की संस्कृति व परंपरा जुड़ी है। इसे राजनीति की बलि नहीं चढ़ने दिया जा सकता। इस प्रेसवार्ता में मो. मुस्तकीम, नारायण सुना, सुशांत बुडा, जयंती घूघर, बाबा नाग, नमीता महानंद उपस्थित रहे।